24 घंटे में बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: घर में घुसकर जानलेवा हमला करने वाले 6 आरोपी भिलाई से गिरफ्तार
संबलपुर (नाहंदा) में परिवार के साथ सो रहे युवक पर लाठी-डंडों से किया था जानलेवा हमला, साइबर सेल और देवरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों की गिरफ्तारी, वारदात में प्रयुक्त हथियार व वाहन जब्त।

बालोद, :- जिले के थाना देवरी अंतर्गत चौकी पिनकापार क्षेत्र के ग्राम संबलपुर (नाहंदा) में घर में घुसकर एक युवक पर जानलेवा हमला करने के सनसनीखेज मामले का बालोद पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने आरोपियों को भिलाई क्षेत्र से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाठी, बांस के डंडे, लकड़ी के राफ्टर, मोटरसाइकिल एवं स्कूटी जब्त की है।

पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्रुति सिंह के पर्यवेक्षण में गठित विशेष टीम ने इस अंधे हमले का सफलतापूर्वक खुलासा किया।
परिवार के साथ सो रहे युवक पर किया था हमला
पुलिस के अनुसार ग्राम संबलपुर निवासी गौकरण साहू अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। देर रात अज्ञात आरोपी घर में घुस आए और लाठी-डंडों तथा लकड़ी के राफ्टर से उनके सिर, पीठ और कमर पर ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

शोर सुनकर उनकी 13 वर्षीय पुत्री जाग गई, जिसे देखकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल गौकरण साहू को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना देवरी में अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। थाना प्रभारी मनीष शेंडे, फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड एवं साइबर सेल ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर तकनीकी साक्ष्य और आसपास के सीसीटीवी फुटेज एकत्र किए।
तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
जांच के दौरान घटनास्थल पर मौजूद नाबालिग पुत्री से पूछताछ में सीमित जानकारी मिली, लेकिन पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की। विशेष टीम तत्काल भिलाई पहुंची और मुख्य आरोपी भानूप्रताप जैन को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले गौकरण साहू ने उसकी अपनी पुत्री से जान-पहचान को लेकर उसे और उसके परिजनों को सार्वजनिक रूप से अपमानित किया था।
इसी रंजिश का बदला लेने के लिए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया।
योजना बनाकर पहुंचे थे आरोपी
आरोपियों ने दो मोटरसाइकिलों और एक स्कूटी से भिलाई से संबलपुर पहुंचकर पहले घर की रेकी की। दो आरोपी बाहर निगरानी करते रहे, जबकि चार आरोपी घर में घुसकर सो रहे गौकरण साहू पर ताबड़तोड़ हमला कर फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
भानूप्रताप जैन (18 वर्ष)
नीरज रस्तोगी (18 वर्ष)
तुषार निर्मलकर (20 वर्ष)
दिनेश ढीमर (25 वर्ष)
कुंदन यादव (18 वर्ष)
दीपेश पटेल (18 वर्ष)
सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
विशेष टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी देवरी उप निरीक्षक मनीष शेंडे, थाना स्टाफ एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल ने टीम की त्वरित कार्रवाई और पेशेवर जांच की सराहना करते हुए कहा कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




