दल्लीराजहरा में बड़ा हादसा
सीवरेज पाइपलाइन कार्य के दौरान मिट्टी धंसने से 3 मजदूरों की मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

बालोद। :- जिले के दल्लीराजहरा नगर में दास पान ठेला चौक के पास बीएसपी की सीवरेज पाइपलाइन बिछाने के दौरान मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे बड़ा हादसा हो गया। लगभग 10 फीट गहरे गड्ढे में कार्य कर रहे तीन मजदूर मिट्टी धंसने से दब गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मृतकों में किशुन कुमार, राकेश कुमार एवं बैशाखिन शामिल हैं। तीनों वार्ड-2 पंडरदल्ली निवासी बताए जा रहे हैं।

सुरक्षा को किया गया नजरअंदाज
जानकारी के अनुसार ठेकेदार बिजनु राम द्वारा कार्य कराया जा रहा था। मजदूर पुराने सीवरेज पाइप को बदलकर नई पाइपलाइन के ज्वाइंट में सीमेंट भरने का काम कर रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे रखा मिट्टी का भारी ढेर अचानक धंस गया और मजदूर उसकी चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मजदूरों के पास न सुरक्षा बेल्ट थी, न हेलमेट और न ही मिट्टी धंसने से बचाव की कोई मजबूत व्यवस्था की गई थी।
बचने का मौका तक नहीं मिला
घटना स्थल के समीप जल आवर्धन योजना की पाइपलाइन भी गुजर रही थी। मिट्टी के दबाव से वह पाइपलाइन पहले ही कमजोर हो चुकी थी। मिट्टी और पाइपलाइन के धंसते ही तीनों मजदूर गड्ढे में दब गए। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से जेसीबी के माध्यम से रेस्क्यू चलाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
क्षेत्र में भारी आक्रोश
हादसे के बाद क्षेत्र में लोगों में भारी नाराजगी देखी गई। स्थानीय नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता देने की मांग भी उठाई जा रही है।
भाजपा नेताओं ने उठाए सवाल
भाजपा नेता स्वाधीन जैन ने आरोप लगाया कि बीएसपी और ठेकेदार लगातार बिना सुरक्षा उपकरणों के मजदूरों से काम करा रहे हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों को बीएसपी में स्थायी नौकरी देने की मांग की।
वहीं मंडल अध्यक्ष रामेश्वर साहू ने कहा कि मजदूरों की सुरक्षा के साथ लगातार खिलवाड़ किया जा रहा है और पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं।
जनप्रतिनिधि और प्रशासन पहुंचे मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही कांकेर सांसद भोजराज नाग, पूर्व विधायक जनक लाल ठाकुर, एसडीएम सुरेश कुमार साहू सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया।




