Wednesday, June 10, 2026

बालोद को मिली हाईटेक मोबाइल फॉरेंसिक वैन की सौगात “लैब ऑन व्हील्स” से अब घटनास्थल पर ही होगी वैज्ञानिक जांच, अपराध विवेचना में आएगी तेजी

 

बालोद को मिली हाईटेक मोबाइल फॉरेंसिक वैन की सौगात
“लैब ऑन व्हील्स” से अब घटनास्थल पर ही होगी वैज्ञानिक जांच, अपराध विवेचना में आएगी तेजी

बालोद:-  जिले की कानून व्यवस्था और अपराध जांच प्रणाली को आधुनिक एवं वैज्ञानिक स्वरूप देने की दिशा में आज बालोद को एक बड़ी सौगात मिली। यातायात कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन का शुभारंभ किया गया।

छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी एवं पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने हरी झंडी दिखाकर मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट को रवाना किया।

शासन द्वारा जिले को उपलब्ध कराई गई यह हाईटेक मोबाइल फॉरेंसिक वैन “लैब ऑन व्हील्स” सुविधा से सुसज्जित है, जिसका उद्देश्य आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, सटीक विवेचना और त्वरित न्याय सुनिश्चित करना है। यह यूनिट अब घटनास्थल पर ही प्रारंभिक वैज्ञानिक जांच, साक्ष्य संकलन और डिजिटल फॉरेंसिक विश्लेषण करने में सक्षम होगी।

तकनीक आधारित पुलिसिंग समय की जरूरत :– यज्ञदत्त शर्मा

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा ने कहा कि तकनीक आधारित पुलिसिंग वर्तमान समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यह पहल अपराध जांच को मजबूत करने के साथ-साथ न्याय प्रणाली में आम जनता का विश्वास बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

आमजन को मिलेगी त्वरित सहायता : – प्रतिभा चौधरी

नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी ने कहा कि आधुनिक तकनीकों से सुसज्जित यह वैन पुलिस की कार्यक्षमता को नई मजबूती प्रदान करेगी। इससे आमजन को त्वरित सहायता मिलेगी और सुरक्षा व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी। उन्होंने बालोद पुलिस के कार्यों की सराहना करते हुए इसे जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

घटनास्थल पर ही सुरक्षित होंगे साक्ष्य :– एसपी योगेश पटेल

पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने बताया कि मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट की मदद से घटनास्थल पर ही साक्ष्यों का वैज्ञानिक संरक्षण एवं परीक्षण संभव हो सकेगा। इससे साक्ष्य खराब होने की संभावना कम होगी, जांच की गुणवत्ता बेहतर होगी तथा न्याय प्रक्रिया को गति मिलेगी।

आधुनिक उपकरणों से लैस “लैब ऑन व्हील्स”
वैज्ञानिक अधिकारी एफएसएल डॉ. स्मिता रानी भारदीय ने बताया कि वैन में घटनास्थल पर विभिन्न प्रकार के साक्ष्यों की जांच हेतु अत्याधुनिक किट्स एवं उपकरण उपलब्ध हैं, जिससे जांच को त्वरित और सटीक बनाया जा सकेगा।

प्रमुख फॉरेंसिक किट्स एवं सुविधाएं

क्राइम सीन सुरक्षा किट
सामान्य जांच एवं साक्ष्य संग्रहण किट
फिंगरप्रिंट जांच किट
फुटप्रिंट एवं टायर मार्क जांच किट
फॉरेंसिक लाइट सिस्टम
ब्लड एवं डीएनए जांच किट
नार्कोटिक्स जांच किट
विस्फोटक एवं आगजनी जांच किट
GSR एवं बैलिस्टिक जांच किट
उपकरण एवं सहायक सामग्री

वैन में माइक्रोस्कोप, लैपटॉप-प्रिंटर, CCTV कैमरा, वेटिंग मशीन, DSLR कैमरा, मिनी रेफ्रिजरेटर, LED स्क्रीन, GPS युक्त बॉडी कैमरा, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम, बारकोड स्कैनर-प्रिंटर, जनरेटर, डिजिटल जांच किट एवं मैग्निफाइंग लेंस जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक राजहरा विकास पाटले, डीएसपी राजेश बागड़े, डीएसपी श्रुति चक्रवर्ती, डीएसपी माया शर्मा, रक्षित निरीक्षक रेवती वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
error: Content is protected !!