सेवा संकल्प को जनभागीदारी से जनकल्याण तक पहुंचाने युवाओं ने लिया संकल्प
गुलशन साहू, कुंवर लाल निवेन्द्र सिंह टेकाम, सौरभ जैन और अभिन्न यादव ने सेवा, स्वच्छता, रोजगार व जनकल्याण को बताया प्राथमिकता

बालोद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रस्तावित ‘सेवा संकल्प अभियान’ को जनभागीदारी और जनकल्याण से जोड़ने को लेकर बालोद जिले के युवा भाजपा जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए। युवाओं ने कहा कि सेवा केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रहकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का माध्यम बननी चाहिए।

भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष गुलशन साहू ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से युवाओं को समाजसेवा, स्वच्छता, रक्तदान, वृक्षारोपण और जरूरतमंदों की सहायता जैसे कार्यों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा और जनभागीदारी के पर्व के रूप में मनाते हुए अधिक से अधिक युवाओं को इसमें सहभागी बनाया जाएगा।

नगर पंचायत अध्यक्ष डौंडीलोहारा कुंवर लाल निवेन्द्र सिंह टेकाम ने कहा कि स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याओं को समझकर उनके समाधान की दिशा में काम करना ही वास्तविक जनसेवा है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से गांव और शहर के जरूरतमंद लोगों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों को गति देने का प्रयास किया जाएगा।

युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष सौरभ जैन ने कहा कि सेवा अभियान में युवाओं की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। रक्तदान, स्वच्छता, पौधरोपण, सामाजिक जागरूकता और जरूरतमंदों की मदद जैसे कार्यों में युवा शक्ति को आगे आकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

वहीं जिला मीडिया प्रभारी अभिन्न यादव ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने कहा कि अभियान से जुड़ी गतिविधियों को व्यापक रूप से लोगों तक पहुंचाने और समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा कार्यों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किया जाएगा
चारों युवा नेताओं ने एक स्वर में कहा कि सेवा संकल्प केवल एक अभियान नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का अवसर है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा, समर्पण और जनभागीदारी के साथ मनाने तथा अभियान को जिले में व्यापक रूप से सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया।




