डौंडीलोहारा में पागल कुत्ते का आतंक, एक साथ 13 लोगों को काटा
नगर पंचायत अध्यक्ष कुँवर लाल निवेन्द्र सिंह टेकाम ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल, स्वास्थ्य अधिकारियों से की चर्चा

डौंडीलोहारा, 02 सितंबर 2026। डौंडीलोहारा नगर में बुधवार दोपहर एक पागल कुत्ते के आतंक से हड़कंप मच गया। कुत्ते ने अलग-अलग स्थानों पर हमला करते हुए एक साथ 13 लोगों को काटकर घायल कर दिया। घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डौंडीलोहारा पहुंचाया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष कुँवर लाल निवेन्द्र सिंह टेकाम तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उनकी स्थिति और उपचार की जानकारी ली। साथ ही स्वास्थ्य अधिकारियों एवं चिकित्सकों से चर्चा कर घायलों को तत्काल एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

वहीं जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे.एल. उइके ने भी घटना की तत्काल जानकारी लेते हुए संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों को सभी पीड़ितों को उचित एवं आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डौंडीलोहारा में लाया गया, जहां तत्काल उपचार शुरू कर आवश्यकतानुसार रेबीज रोधी इंजेक्शन लगाया गया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कुत्ते के काटने से घायल 13 लोगों में से 8 लोगों को अधिक चोटें आई हैं, जिन्हें चिकित्सकीय निगरानी में अस्पताल में भर्ती रखा गया है। वहीं कम चोट वाले मरीजों को उपचार एवं आवश्यक टीकाकरण के बाद चिकित्सकीय सलाह पर छुट्टी दी गई।

कुत्ते के काटने से घायल लोगों के नाम
- गंगाबाई, पति/पिता – खोरबाहरा राम, उम्र 64 वर्ष, महिला, ग्राम बुंदेली।
- भादुराम, पिता – श्यामुराम यादव, उम्र 60 वर्ष, पुरुष, डौंडीलोहारा।
- मानो बाई, पति – मेहतर, उम्र 60 वर्ष, महिला, ग्राम चिल्हाटी खुर्द।
- शत्रुहन सिंह, पिता – रामेश्वर, उम्र 63 वर्ष, पुरुष, ग्राम उरेता।
- युवराज, पिता – पगनुराम, उम्र 32 वर्ष, पुरुष, ग्राम कसही।
- रिसभ, पिता – मनरात्वन, ग्राम कसही।
- रेवत्ती, पति – विनोद, उम्र 28 वर्ष, महिला, ग्राम कसही।
- सुशांत, उम्र 10 वर्ष, पुरुष, ग्राम कसही।
- हिना, पिता – देवाराम, उम्र 18 वर्ष, महिला, ग्राम कसही।
- पायल, पिता – पिभन, उम्र 20 वर्ष, महिला, डौंडीलोहारा।
- भागवती, पति – दिनेश यादव, उम्र 50 वर्ष, महिला, डौंडीलोहारा।
- शशिकला, पति – चंदन सिन्हा, उम्र 63 वर्ष, महिला।
- विसराम सिंह, पिता – रागगुलाल, उम्र 58 वर्ष, पुरुष, ग्राम सोरली।
नगर पंचायत अध्यक्ष कुँवर लाल निवेन्द्र सिंह टेकाम ने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि मरीजों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा जरूरत पड़ने पर उन्हें उच्च स्वास्थ्य केंद्र में रेफर करने की व्यवस्था की जाए।

घटना के बाद नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने नगर में आवारा एवं हिंसक कुत्तों पर नियंत्रण के लिए नगर पंचायत प्रशासन से तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।




