Friday, August 28, 2026

अस्पतालों में दवाइयों की कमी और अव्यवस्थाओं पर स्वास्थ्य मंत्री सख्त, दूरस्थ क्षेत्रों तक समय पर पहुंचेंगी जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने ली स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक, दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई, चिकित्सा उपकरणों और स्टाफ की उपस्थिति की जिलेवार समीक्षा

अस्पतालों में दवाइयों की कमी और अव्यवस्थाओं पर स्वास्थ्य मंत्री सख्त, दूरस्थ क्षेत्रों तक समय पर पहुंचेंगी जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने ली स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक, दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई, चिकित्सा उपकरणों और स्टाफ की उपस्थिति की जिलेवार समीक्षा

रायपुर। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में प्रदेश में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं की मौजूदा स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पतालों में दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधाओं तथा मरीजों को मिल रही सेवाओं की जिलेवार जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में विशेष रूप से दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता पर जोर दिया गया। स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवश्यक दवाइयां और चिकित्सा सुविधाएं समय पर सभी क्षेत्रों तक पहुंचें, ताकि ग्रामीण एवं दूरदराज के मरीजों को इलाज के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

अस्पतालों में साफ-सफाई और दवाइयों की उपलब्धता पर विशेष जोर

स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पतालों में स्वच्छता व्यवस्था को हर हाल में दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के साथ अस्पताल का वातावरण भी स्वच्छ एवं व्यवस्थित होना चाहिए। आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा दवाओं की आपूर्ति व्यवस्था की नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया गया।

उपकरणों के रखरखाव और स्टाफ की उपस्थिति की होगी निगरानी

बैठक में चिकित्सा उपकरणों के रखरखाव की स्थिति की भी समीक्षा की गई। स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि अस्पतालों में उपलब्ध उपकरण उपयोग के योग्य स्थिति में रहें और खराब उपकरणों के रखरखाव एवं सुधार की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो। इसके साथ ही अस्पतालों में चिकित्सकों एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार के निर्देश

स्वास्थ्य मंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं में मरीजों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों और उनके परिजनों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक जनोन्मुखी बनाने के लिए अधिकारियों को कार्ययोजना के अनुसार प्रभावी ढंग से काम करने को कहा गया।

लापरवाही बर्दाश्त नहीं, नियमित होगी मॉनिटरिंग

स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा सामने आने वाली कमियों को समयबद्ध तरीके से दूर करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने और आम नागरिकों को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
error: Content is protected !!