Saturday, August 29, 2026

स्वतंत्रता दौड़ में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने लगाई दौड़, गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान का सामूहिक गायन, जल संरक्षण और नशामुक्ति की दिलाई शपथ

स्वतंत्रता दौड़ में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने लगाई दौड़, गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश

राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान का सामूहिक गायन, जल संरक्षण और नशामुक्ति की दिलाई शपथ

बालोद। स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पूर्व 14 अगस्त को जिला प्रशासन द्वारा जिला मुख्यालय बालोद के सरदार वल्लभ भाई पटेल मैदान में स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया गया। देश की एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित इस दौड़ में समाज के सभी वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

स्वतंत्रता दौड़ में जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू, कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण, नगर पालिका उपाध्यक्ष कमलेश सोनी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, गणमान्य नागरिक और आम नागरिक शामिल हुए।

स्वतंत्रता दौड़ सरदार वल्लभ भाई पटेल मैदान से प्रारंभ होकर घड़ी चौक, संजारी क्लब, विश्राम भवन की ओर होते हुए वापस सरदार वल्लभ भाई पटेल मैदान पहुंची, जहां दौड़ का समापन किया गया। दौड़ के दौरान प्रतिभागियों ने भारत माता की जय और स्वतंत्रता दिवस अमर रहे जैसे नारों से वातावरण को देशभक्ति से ओतप्रोत कर दिया।

राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का हुआ सामूहिक गायन

स्वतंत्रता दौड़ के साथ ही कार्यक्रम में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों ने एक साथ सस्वर राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का गायन कर राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान प्रकट किया।

युवाओं को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने युवाओं को राष्ट्र की ऊर्जा बताते हुए कहा कि युवाओं की शक्ति का समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान होता है। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा और क्षमता का उपयोग राष्ट्र के नवनिर्माण में करने का आह्वान किया।

कलेक्टर ने कहा कि युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं को नशामुक्त भारत अभियान से जोड़ने पर जोर दिया।

जल संरक्षण और नशामुक्ति की दिलाई शपथ

समारोह में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने उपस्थित लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। वहीं पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण ने नशामुक्ति अभियान के तहत उपस्थित लोगों को नशापान से दूर रहने की शपथ दिलाई।

कलेक्टर ने उपस्थित लोगों को नशामुक्त भारत अभियान के तहत स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशे से मुक्त रखने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव की शुरुआत स्वयं से करनी चाहिए।

बड़ी संख्या में लोगों ने की सहभागिता

इस अवसर पर अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, अजय किशोर लकरा, नूतन कंवर, एडिशनल एसपी चंद्रकांत गवर्ना, संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष, डिप्टी कलेक्टर प्राची ठाकुर, आशीष पेंद्रो सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्कूल एवं कॉलेज के छात्र-छात्राएं, मीडिया प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

स्वतंत्रता दिवस के पूर्व आयोजित इस स्वतंत्रता दौड़ ने बालोद में राष्ट्रप्रेम, एकता और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में डिप्टी कलेक्टर आशीष पेंद्रो ने सभी उपस्थित अतिथियों, प्रतिभागियों, अधिकारी-कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
error: Content is protected !!