Saturday, August 29, 2026

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने गुण्डरदेही विकासखण्ड में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा की सभी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने हेतु पुख्ता उपाय सुनिश्चित करने को कहा

 

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने गुण्डरदेही विकासखण्ड में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा की
सभी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने हेतु पुख्ता उपाय सुनिश्चित करने को कहा


बालोद, :— कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आज नगर पंचायत गुण्डरदेही के सामुदायिक भवन में गुण्डरदेही विकासखण्ड के स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारी-कर्मचारियों को सभी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने हेतु पुख्ता उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। श्रीमती मिश्रा ने कहा कि सभी को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना शासन के सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल है।

इसलिए स्वास्थ्य संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही की कोई गुंजाईश नही है।

समीक्षा बैठक के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जेएल उईके, जिला कार्यक्रम प्रबंधक एवं खण्ड चिकित्सा अधिकारी के अलावा अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
बैठक में श्रीमती मिश्रा ने गुण्डरदेही विकासखण्ड में विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में श्रीमती मिश्रा ने उप स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रवार टीकाकरण अभियान, टीबी मुक्त अभियान के अलावा संस्थागत प्रसव की स्थिति तथा कुष्ठ रोग की रोकथाम की उपाय सुनिश्चित करने हेतु किए जा रहे कार्यों के संबंध में जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर सेे बचाव हेतु टीकाकरण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारी-कर्मचारियों को 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी बालिकाओं को शत प्रतिशत सर्वाइकल कैंसर के बचाव हेतु टीका लगाने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में आम नागरिकों एवं मरीजों के बीपी, शुगर एवं मानसिक स्वास्थ्य, मुँह का कैंसर आदि बीमारियों का नियमित रूप से जांच की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में श्रीमती मिश्रा ने गुण्डरदेही विकासखण्ड के बेहतर संस्थागत प्रसव वाले स्वास्थ्य केन्द्र के अधिकारी-कर्मचारियों के कार्यों की सराहना भी की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को विभाग के बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों को 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय बालोद में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित करने हेतु प्रस्ताव भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में श्रीमती मिश्रा ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यों के अंतर्गत अधो संरचना से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से जर्जर एवं मरम्मत योग्य अस्पताल भवनों के अलावा अन्य जरूरी आवश्यकता के संबंध में जानकारी ली। श्रीमती मिश्रा ने जर्जर स्वास्थ्य केन्द्रों के स्थान पर नवीन भवन निर्माण तथा मरम्मत आदि आवश्यकता होने पर तत्काल प्रस्ताव भेजने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने स्वास्थ्य केन्द्रों में मरीजों की इलाज की स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारी-कर्मचारियों को बिना वाजिब कारण के बिल्कुल भी अन्य अस्पतालों में रेफर नही करने के निर्देश दिए। श्रीमती मिश्रा ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को समझाईश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों का कार्य आम जनता के जीवन से जुड़ा होता है। इसलिए आप सभी का कार्य अत्यंत सम्मानीय एवं आदर्श है। इस कारण से स्वास्थ्य संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही की गुंजाईश बिल्कुल भी नही होती है। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारी-कर्मचारियों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं लगन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने को कहा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
error: Content is protected !!