अंगारी में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: सरपंच पति के घर से 9 लाख की सागौन लकड़ी और फर्नीचर जब्त, आरोपी फरार
मंगलवार सुबह से बुधवार शाम तक चली कार्रवाई, घर और खेत से मिला सागौन का जखीरा; पुलिस की मदद से आरोपी की तलाश तेज।

बालोद। जिले के ग्राम अंगारी में वन विभाग ने अवैध सागौन लकड़ी के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत की सरपंच ममता डड़सेना के पति अश्वनी डड़सेना के घर से भारी मात्रा में सागौन लकड़ी, फर्नीचर और फर्नीचर निर्माण में उपयोग होने वाले उपकरण जब्त किए हैं।

जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये आंकी गई है। वन विभाग की कार्रवाई मंगलवार सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई, जो बुधवार शाम तक लगातार जारी रही। टीम जब्त सामग्री का मिलान, माप-तौल और पंचनामा तैयार करने में जुटी रही।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई के दौरान घर से 29 नग सागौन के लट्ठे, 16 नग सागौन की डेंगरी, सागौन लकड़ी से भरा एक पिकअप वाहन, बड़ी मात्रा में चिरान लकड़ी, तैयार फर्नीचर तथा फर्नीचर निर्माण में उपयोग होने वाले उपकरण बरामद किए गए। इसके अलावा गांव के ही एक व्यक्ति के खेत में छिपाकर रखी गई सागौन लकड़ी को भी जब्त किया गया है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि लंबे समय से सागौन लकड़ी का अवैध भंडारण और फर्नीचर निर्माण का काम किया जा रहा था।

कार्रवाई के दौरान अश्वनी डड़सेना शुरुआत में घर पर मौजूद थे, लेकिन वन विभाग की टीम के पहुंचने के कुछ समय बाद घर के पीछे के रास्ते से निकलकर फरार हो गए। इसके बाद वन विभाग ने उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस विभाग को पत्र लिखकर सहयोग मांगा है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार आरोपी की तलाश जारी है।
वन विभाग अब इस बात की जांच कर रहा है कि जब्त की गई सागौन लकड़ी आसपास के जंगलों से अवैध रूप से काटी गई है या फिर किसी अन्य स्थान से लाकर यहां उसका भंडारण और कारोबार किया जा रहा था। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि लकड़ी की कटाई, परिवहन और फर्नीचर निर्माण के लिए आवश्यक वैधानिक अनुमति ली गई थी या नहीं।
अधिकारियों का कहना है कि सागौन जैसी बहुमूल्य वन उपज की अवैध कटाई, भंडारण और उससे फर्नीचर बनाकर बिक्री करना गंभीर वन अपराध की श्रेणी में आता है। मामले में यह भी पता लगाया जाएगा कि इस पूरे कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इसका नेटवर्क कितना बड़ा है।
डीएफओ अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि ग्राम अंगारी में अश्वनी डड़सेना के घर और एक अन्य स्थान से बड़ी मात्रा में सागौन लकड़ी बरामद की गई है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये है। आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश के लिए पुलिस से सहयोग मांगा गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी से पूछताछ और आगे की जांच के बाद पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।




