महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान: पौधरोपण के बाद फोटो अपलोड करें, पाएं फोटोयुक्त प्रमाण पत्र

बालोद, 27 जुलाई 2026। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार 30 जुलाई को आयोजित महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत पौधरोपण करने वाले नागरिकों को फोटोयुक्त प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। जिला प्रशासन ने इस विशेष पहल के माध्यम से वृक्षारोपण को चिरस्मरणीय बनाने और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने की व्यवस्था की है।
अभियान के तहत 30 जुलाई को पौधरोपण करने के बाद प्रतिभागी अपने लगाए गए पौधे के साथ फोटो या सेल्फी लेकर wcdbalod.com पर अपलोड कर सकेंगे। फोटो अपलोड करने के बाद जिला प्रशासन की ओर से उन्हें तत्काल फोटोयुक्त डिजिटल प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया जाएगा, जो पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के इस महाअभियान में उनके योगदान का स्मृति-चिह्न होगा।
प्रमाण पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया:
- पौधरोपण के बाद पौधे के साथ अपनी फोटो या सेल्फी लें।
- wcdbalod.com वेबसाइट पर जाएं।
- अपना नाम दर्ज करें।
- संबंधित विकासखंड (ब्लॉक) और ग्राम का चयन करें।
- अपनी फोटो अपलोड करें।
- “प्रमाण पत्र बनाए” विकल्प पर क्लिक करते ही आपका फोटोयुक्त प्रमाण पत्र तैयार होकर उपलब्ध हो जाएगा।
जिला प्रशासन ने जिले के सभी नागरिकों से इस वृहद वृक्षारोपण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा पर्यावरण संरक्षण के इस जनअभियान को सफल बनाने की अपील की है।




