Tuesday, September 1, 2026

भगवान बजरंगबली के कथित अपमान पर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पुतला दहन, सार्वजनिक माफी की मांग

 

भगवान बजरंगबली के कथित अपमान पर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पुतला दहन, सार्वजनिक माफी की मांग


बालोद। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के एक रोड शो के दौरान भगवान बजरंगबली के कथित अपमान का आरोप लगाते हुए जिला युवा कांग्रेस बालोद ने मंगलवार को शहर के जयस्तंभ चौक में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता एकत्रित हुए और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए भाजपा से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।

युवा कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि रोड शो के दौरान हिंदू आस्था के प्रतीक एवं सनातन धर्म के आराध्य भगवान बजरंगबली का अनादर किया गया, जिससे करोड़ों सनातनी हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक मुद्दा नहीं बल्कि धार्मिक आस्था से जुड़ा गंभीर विषय है, जिस पर भाजपा को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद के प्रत्याशी साजन पटेल ने कहा कि भगवान बजरंगबली करोड़ों हिंदुओं की श्रद्धा और विश्वास के केंद्र हैं।

उनके सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ या अनादर किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा स्वयं को सनातन धर्म की हितैषी बताती है, ऐसे में उसके कार्यक्रम के दौरान यदि इस प्रकार की घटना हुई है तो पार्टी को इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए देशभर के सनातनी हिंदुओं से बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।
साजन पटेल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भाजपा शीघ्र ही इस मामले में माफी नहीं मांगती है तो युवा कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप देगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी भाजपा की होगी।
जयस्तंभ चौक पर हुए प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा धार्मिक आस्था के सम्मान की मांग उठाई। कुछ समय के लिए प्रदर्शन स्थल पर माहौल गर्म रहा, हालांकि पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
इस विरोध प्रदर्शन में जिला युवा कांग्रेस एवं कांग्रेस संगठन के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में धार्मिक भावनाओं के सम्मान की बात दोहराते हुए मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई तथा भाजपा से सार्वजनिक माफी की मांग की।

RELATED ARTICLES

Most Popular

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
error: Content is protected !!