Tuesday, September 1, 2026

बालोद पुलिस की अभिनव पहल बनी प्रदेश के लिए मिसाल महिला कमांडो के अभियान से 7 गांव बने 100 प्रतिशत हेलमेट उपयोग वाले मॉडल ग्राम, पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य ने किया सम्मानित

 

बालोद पुलिस की अभिनव पहल बनी प्रदेश के लिए मिसाल
महिला कमांडो के अभियान से 7 गांव बने 100 प्रतिशत हेलमेट उपयोग वाले मॉडल ग्राम, पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य ने किया सम्मानित

बालोद :- दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री अभिषेक शांडिल्य की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल के निर्देशन में बालोद पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से चलाया गया विशेष हेलमेट जागरूकता अभियान ऐतिहासिक सफलता की ओर अग्रसर हुआ है।

जिले की महिला कमांडो टीम के अथक प्रयासों से सात गांवों में दोपहिया वाहन चालकों के बीच शत-प्रतिशत हेलमेट उपयोग सुनिश्चित करते हुए इन गांवों को “मॉडल हेलमेट ग्राम” के रूप में विकसित किया गया है।

यह उपलब्धि सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में बालोद पुलिस की नवाचारपूर्ण एवं जनहितकारी कार्यशैली का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरी है।
पुलिस महानिरीक्षक श्री अभिषेक शांडिल्य ने सड़क दुर्घटनाओं में हो रही जनहानि पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए थे।

उन्होंने हेलमेट का नियमित उपयोग, नशे की अवस्था में वाहन न चलाने तथा तेज रफ्तार से बचने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित करने पर विशेष बल दिया।

इन्हीं निर्देशों के अनुरूप बालोद पुलिस ने महिला कमांडो को अभियान की जिम्मेदारी सौंपते हुए गांव-गांव जाकर जनजागरण का कार्य प्रारंभ किया।
73 महिला कमांडो ने घर-घर पहुंचकर बदली लोगों की सोच
पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल के निर्देशन में 73 महिला कमांडो ने जिले के चयनित गांवों में घर-घर जाकर दोपहिया वाहन चालकों का सर्वेक्षण किया।

प्रत्येक परिवार से संवाद स्थापित कर हेलमेट उपयोग की स्थिति का आकलन किया गया तथा जिन लोगों के पास हेलमेट नहीं थे, उन्हें हेलमेट खरीदने एवं नियमित उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।

महिला कमांडो ने ग्रामीणों को समझाया कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटना के दौरान जीवन बचाने वाला सबसे प्रभावी सुरक्षा कवच है।
1103 वाहन चालकों ने अपनाई सुरक्षित यातायात की संस्कृति
लगातार जागरूकता, संवाद और जनसंपर्क अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए।

गुंडरदेही विकासखंड के जेवरतला एवं सिद्दी, बालोद विकासखंड के बोरी एवं खैरवाही तथा डौंडी लोहारा विकासखंड के अन्नू टोला, कसही बोरी एवं जामुलवाही सहित कुल सात गांवों के 1103 दोपहिया वाहन चालकों द्वारा नियमित हेलमेट उपयोग सुनिश्चित किया गया।

इसके साथ ही इन सभी गांवों को 100 प्रतिशत हेलमेट उपयोग वाले मॉडल हेलमेट ग्राम घोषित किया गया, जो जिले ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बन गए हैं।
पद्मश्री शमशाद बेगम की महत्वपूर्ण भूमिका
इस अभिनव अभियान की अवधारणा को जनभागीदारी से जोड़ने में पद्मश्री शमशाद बेगम, अध्यक्ष, महिला कमांडो सहयोगी जन कल्याण समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से पुलिस महानिरीक्षक श्री अभिषेक शांडिल्य एवं पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल के साथ विस्तृत विचार-विमर्श कर प्रभावी सुझाव दिए।

उनके मार्गदर्शन तथा महिला कमांडो के समर्पित प्रयासों से यह अभियान सफलतापूर्वक मूर्त रूप ले सका।
पुलिस महानिरीक्षक ने किया महिला कमांडो का सम्मान
बालोद पुलिस के वार्षिक निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक श्री अभिषेक शांडिल्य ने महिला कमांडो के उत्कृष्ट एवं जनहितकारी कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की।

उन्होंने महिला कमांडो को शॉल एवं सर्च टॉर्च भेंटकर सम्मानित किया तथा कहा कि सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में किया गया यह कार्य समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है।

उन्होंने इस मॉडल को जिले के अन्य गांवों एवं शहरी क्षेत्रों में भी लागू करने के निर्देश देते हुए सड़क सुरक्षा से जुड़े ऐसे अभियानों को निरंतर जारी रखने पर बल दिया।
सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन बनाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि
बालोद पुलिस का यह अभियान केवल हेलमेट पहनने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि लोगों में सुरक्षित यातायात के प्रति स्थायी सोच विकसित करने का सफल प्रयास साबित हुआ है।

पुलिस विभाग का मानना है कि जनसहभागिता, जागरूकता और सतत संवाद के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। इसी उद्देश्य के साथ भविष्य में भी जिलेभर में हेलमेट उपयोग, यातायात नियमों के पालन एवं सड़क सुरक्षा से जुड़े नवाचारपूर्ण अभियान लगातार संचालित किए जाते रहेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
error: Content is protected !!