Tuesday, September 1, 2026

पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य ने किया बालोद पुलिस का वार्षिक निरीक्षण अनुशासित एवं प्रभावी पुलिसिंग की सराहना, AI आधारित आधुनिक पुलिसिंग, कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के दिए निर्देश

पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य ने किया बालोद पुलिस का वार्षिक निरीक्षण
अनुशासित एवं प्रभावी पुलिसिंग की सराहना, AI आधारित आधुनिक पुलिसिंग, कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के दिए निर्देश

बालोद :- दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री अभिषेक शांडिल्य ने शुक्रवार को जिला बालोद पुलिस का वार्षिक निरीक्षण करते हुए पुलिसिंग की गुणवत्ता, अनुशासन, तकनीकी दक्षता एवं कानून-व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने रक्षित केंद्र, वाहन शाखा, थाना कोतवाली बालोद एवं विभिन्न शाखाओं का गहन निरीक्षण कर पुलिस कार्यप्रणाली का मूल्यांकन किया तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रोफेशनल पुलिसिंग, तकनीक आधारित कार्यशैली और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर, एसडीओपी श्री बोनीफास एक्का, डीएसपी श्रीमती माया शर्मा, डीएसपी मुख्यालय श्रीमती श्रुति चक्रवर्ती, सीएसपी राजहरा श्री विकास पाटले, परेड कमांडर श्रीमती रेवती वर्मा सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
वार्षिक परेड में अनुशासन और फिटनेस का लिया जायजा
कार्यक्रम की शुरुआत रक्षित केंद्र बालोद में आयोजित वार्षिक निरीक्षण परेड से हुई, जहां पुलिस महानिरीक्षक ने सलामी ग्रहण कर परेड का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस बल के टर्नआउट, अनुशासन, स्वास्थ्य, शारीरिक दक्षता एवं कर्तव्यनिष्ठा का परीक्षण किया। उत्कृष्ट वेशभूषा, अनुशासित प्रदर्शन एवं बेहतर कार्यशैली वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
रक्षित केंद्र, वाहन शाखा एवं थाना कोतवाली का किया निरीक्षण


निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने वाहन शाखा में पुलिस वाहनों की उपलब्धता, रखरखाव एवं संचालन व्यवस्था का अवलोकन किया। इसके साथ ही रक्षित केंद्र, शस्त्रागार, अभिलेख शाखा एवं अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक दिशा-निर्देश दिए।


थाना कोतवाली बालोद के निरीक्षण के दौरान उन्होंने ऑनलाइन एफआईआर पंजीयन, CCTNS प्रणाली, डिजिटल रिकॉर्ड, तकनीकी संसाधनों एवं कार्यालयीन कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने CCTNS ऑपरेटरों की कार्यकुशलता की सराहना करते हुए AI आधारित आधुनिक तकनीकों एवं डिजिटल टूल्स का अधिकतम उपयोग कर पुलिस कार्यों को अधिक त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
पुलिस दरबार में सुनी अधिकारियों-कर्मचारियों की समस्याएं


निरीक्षण के उपरांत आयोजित पुलिस दरबार में पुलिस महानिरीक्षक ने अधिकारी एवं कर्मचारियों की समस्याओं, सुझावों एवं आवश्यकताओं को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित शाखा प्रभारियों को समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कर्मचारियों के कल्याण एवं बेहतर कार्य वातावरण पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

रक्षित केंद्र परिसर में पुलिस महानिरीक्षक श्री अभिषेक शांडिल्य ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है तथा सभी को अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनका संरक्षण करना चाहिए।

अपराध नियंत्रण और जनसेवा पर हुई विस्तृत समीक्षा
पुलिस कार्यालय बालोद में आयोजित समीक्षा बैठक में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों के साथ अपराध नियंत्रण, लंबित अपराधों के निराकरण, महिला एवं बाल अपराध, साइबर अपराध, वारंट तामिली, गुमशुदा व्यक्तियों की खोज, कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं जनसेवा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

पुलिस महानिरीक्षक ने गुणवत्तापूर्ण विवेचना, समयबद्ध कार्रवाई, तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग, संवेदनशील पुलिसिंग तथा आमजन के प्रति सकारात्मक व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता आम नागरिकों को त्वरित न्याय, सुरक्षित वातावरण एवं बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना है।

बालोद पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना
पुलिस महानिरीक्षक ने जिला बालोद पुलिस की अनुशासित कार्यप्रणाली, प्रभावी कानून-व्यवस्था, बेहतर ड्यूटी प्रबंधन, बलवा ड्रिल की तैयारी एवं टीम वर्क की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक, अनुशासन एवं जनविश्वास के समन्वय से ही बेहतर पुलिसिंग संभव है। उन्होंने सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों से ईमानदारी, पारदर्शिता एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल ने कहा कि बालोद पुलिस जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण तथा आम नागरिकों को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता एवं समन्वय के साथ कार्य करती रहेगी।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
error: Content is protected !!