, एनएचएम की संविदा भर्ती पूरी तरह पारदर्शी एवं नियमानुसार संपन्न :- अखिलेश शर्मा जिला कार्यक्रम प्रबंधक
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत सभी नियुक्तियों में शासन की मार्गदर्शिका का किया गया कड़ाई से पालन, तथ्यों से परे दावों का विभाग ने किया स्पष्ट खंडन

बालोद।:– राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत जिला बालोद में विभिन्न संविदा पदों पर आयोजित भर्ती प्रक्रिया को लेकर कुछ माध्यमों में प्रसारित भ्रामक एवं तथ्यों से परे जानकारी का मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय ने स्पष्ट खंडन किया है।
विभाग ने कहा है कि पूरी चयन प्रक्रिया शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों, मापदंडों एवं पारदर्शी प्रणाली के अनुरूप निष्पक्ष ढंग से संपन्न की गई है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या पक्षपात का प्रश्न ही नहीं उठता।

जिला कार्यक्रम प्रबंधक अखिलेश शर्मा ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में शासन की निर्धारित मार्गदर्शिका का कड़ाई से पालन किया गया।
अभ्यर्थियों द्वारा प्रस्तुत स्व-प्रमाणित शैक्षणिक दस्तावेजों एवं घोषणा-पत्र के आधार पर निर्धारित नियमों के अनुसार अंक प्रदान किए गए।
पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य योग्य एवं पात्र अभ्यर्थियों का निष्पक्ष चयन सुनिश्चित करना रहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग युवाओं को समान अवसर उपलब्ध कराने तथा चयन प्रक्रिया की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
भर्ती से संबंधित प्रत्येक कार्रवाई अभिलेखीय दस्तावेजों एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप की गई है।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि अभ्यर्थी आशा साहू को 18 नवंबर 2024 को नियुक्ति आदेश जारी किया गया था, जिसके अनुपालन में उन्होंने 25 नवंबर 2024 को कार्यभार ग्रहण किया।
इसके पश्चात व्यक्तिगत एवं शैक्षणिक कारणों का उल्लेख करते हुए उन्होंने 05 दिसंबर 2024 को स्वयं कार्यालय में त्यागपत्र प्रस्तुत किया, जिसे नियमानुसार स्वीकार किया गया। इस संबंध में किसी प्रकार की भ्रांति या भ्रामक व्याख्या तथ्यात्मक रूप से सही नहीं है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय ने कहा है कि स्वास्थ्य विभाग की सभी भर्ती प्रक्रियाएं पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष, जवाबदेह एवं शासन के नियमों के अनुरूप संचालित की जाती हैं।
विभाग ने आमजन एवं अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपुष्ट एवं भ्रामक खबरों पर विश्वास न करें तथा किसी भी जानकारी के लिए केवल विभाग द्वारा जारी आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें।




