Tuesday, September 1, 2026

पूछने के बहाने लूट, गले पर चाकू रखकर छीने 3 हजार रुपए; बालोद पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा रानीमाई-हर्राठेमा जंगल घाटी में वारदात, सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन से 10 दिन में आरोपी गिरफ्तार; चाकू, बाइक और मोबाइल जब्त

 

रास्ता पूछने के बहाने लूट, गले पर चाकू रखकर छीने 3 हजार रुपए; बालोद पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा
रानीमाई-हर्राठेमा जंगल घाटी में वारदात, सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन से 10 दिन में आरोपी गिरफ्तार; चाकू, बाइक और मोबाइल जब्त


बालोद :– रानीमाई-हर्राठेमा जंगल घाटी में रास्ता पूछने के बहाने एक युवक को रोककर गले पर चाकू अड़ाकर लूटपाट करने वाले तीन आरोपियों को बालोद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन तथा लूटी गई रकम में से 700 रुपए बरामद किए हैं।

तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम गोड़पाल निवासी धर्मेंद्र कुमार उइके (30 वर्ष) ने 19 जून को थाना बालोद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 18 जून को वह बीज खरीदने के लिए 4 हजार रुपए लेकर मोटरसाइकिल से बालोद आए थे। तबीयत खराब होने के कारण बिना बीज खरीदे दोपहर करीब 1 बजे वापस गांव लौट रहे थे।
करीब 1:35 बजे रानीमाई-हर्राठेमा जंगल घाटी पहुंचने पर स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन युवकों ने उन्हें रोककर बालोद जाने का रास्ता पूछा। इसी दौरान एक आरोपी ने उनके गले पर चाकू रख दिया, दूसरे ने पसली में मुक्का मारा और तीसरे ने जेब में रखा पर्स निकालकर उसमें रखे 3 हजार रुपए लूट लिए।

इसके बाद तीनों आरोपी झलमला की ओर फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर थाना बालोद में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और मोबाइल टावर डंप डेटा का विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी लिपेंद्र साहू से घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (CG-24-W-1779) और एक मोबाइल, जतिन पटेल से घटना में प्रयुक्त चाकू और एक मोबाइल तथा गौरव यादव उर्फ टुक्कू से लूटी गई रकम में से 700 रुपए और एक मोबाइल फोन बरामद किया।
विशेष टीम ने की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी बोनीफॉस एक्का के पर्यवेक्षण में थाना बालोद एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तार आरोपी
लिपेंद्र साहू (20 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 11, चिखलाकसा, थाना राजहरा, जिला बालोद।
जतिन पटेल (18 वर्ष 2 माह) निवासी वार्ड क्रमांक 11, चिखलाकसा, थाना राजहरा, जिला बालोद।
गौरव यादव उर्फ टुक्कू यादव (18 वर्ष 6 माह) निवासी वार्ड क्रमांक 11, चिखलाकसा, थाना राजहरा, जिला बालोद।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को 28 जून को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
error: Content is protected !!