बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: घर में बिक्री के लिए रखा 2.010 किलो गांजा जब्त, आरोपी गिरफ्तार

बालोद:- जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बालोद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध रूप से गांजा बिक्री के लिए घर में छिपाकर रखे एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2.010 किलोग्राम गांजा एवं एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किया है।
जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत 1 लाख 500 रुपये बताई गई है।
पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के पर्यवेक्षण और एसडीओपी बोनीफास एक्का एवं थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में नशे के विरुद्ध अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार 25 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि वार्ड क्रमांक 9 मरारपारा, बालोद निवासी राजदीप शर्मा अपने घर में अवैध रूप से गांजा बिक्री के लिए रखे हुए है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी।
घर का दरवाजा खटखटाने पर बाहर आए व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम राजदीप शर्मा (47 वर्ष) बताया। आरोपी मूल रूप से पंडरी, रायपुर का निवासी है और वर्तमान में मरारपारा, बालोद में रह रहा था।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ओडिशा के नुआपाड़ा क्षेत्र से गांजा लाकर बालोद में बिक्री के लिए रखता था। इसके बाद पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से 2.010 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग 1,00,500 रुपये, एक सैमसंग जे सीरीज का एंड्रॉयड मोबाइल फोन (कीमत लगभग 5 हजार रुपये) तथा आधार कार्ड जब्त किया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर 25 जून 2026 की शाम 7:50 बजे विधिवत गिरफ्तार किया। थाना बालोद में अपराध क्रमांक 303/2026 दर्ज कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक इन्द्रजीत सिदार एवं आश्मा कुर्रे, आरक्षक संजय सोनी, खिलेश नेताम, मनोज चंद्रा, लिखन आर्य, महिला आरक्षक पूर्णिमा ठाकुर, ममता तथा आरक्षक वेदप्रकाश भुआर्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।




