*15 हजार समाजजनों की ऐतिहासिक उपस्थिति में गूंजा डौंडीलोहारा, वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर सामाजिक एकता का विराट प्रदर्शन*

*डौंडीलोहारा।*:- प्रदेश गोंडवाना गोंड महासभा जिला बालोद के तत्वावधान में बुधवार को स्थानीय लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में वीरांगना रानी दुर्गावती के 463वें बलिदान दिवस पर जिला स्तरीय भव्य श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया।
जिले के 14 परिक्षेत्रों से पहुंचे लगभग 15 हजार समाजजनों एवं जिला पंचायत अध्यक्ष कुँवर लाल निवेन्द्र सिंह टेकाम समाज के प्रदेश अध्यक्ष अकबर कोर्राम की उपस्थिति ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।

पूरे आयोजन के दौरान सामाजिक एकता, सांस्कृतिक गौरव और वीरांगना रानी दुर्गावती के प्रति समाज की आस्था व सम्मान का अद्भुत नजारा देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत नगर के राजवाड़ा परिसर से भव्य शोभायात्रा एवं कलश यात्रा के साथ हुई।

“वीरांगना रानी दुर्गावती अमर रहें” के जयघोष से पूरा नगर गूंज उठा।
शोभायात्रा गोंडवाना भवन होते हुए लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम पहुंची, जहां मुख्य समारोह आयोजित किया गया।

यात्रा में पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हजारों महिला-पुरुष, युवा और बुजुर्ग समाजजन आकर्षण का केंद्र बने रहे।

घोड़े पर सवार होकर रानी दुर्गावती बनीं हिना तुमरेकी, लोगों ने सराहा प्रस्तुति
शोभायात्रा का विशेष आकर्षण बालिका हिना तुमरेकी रही, जिन्होंने वीरांगना रानी दुर्गावती का स्वरूप धारण कर घोड़े पर सवार होकर नगर भ्रमण किया।
हिना की आकर्षक प्रस्तुति ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा और समाजजनों ने उनका उत्साहवर्धन किया।
महापुरुषों को श्रद्धांजलि, अतिथियों का हुआ सम्मान
सभा स्थल पहुंचने के बाद समाज के महापुरुषों के तैलचित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके पश्चात कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत एवं सम्मान किया गया।
आयोजन स्थल पर समाजजनों में विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिली।
वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा का हुआ अनावरण
समारोह के दौरान वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने रानी दुर्गावती के अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
शिक्षा, संगठन और विकास पर दिया गया जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गोंडवाना गोंड महासभा के प्रदेश अध्यक्ष अकबर कोर्राम ने कहा कि वीरांगना रानी दुर्गावती का जीवन समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने समाजजनों से शिक्षा, संगठन और सामाजिक विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज की उन्नति के लिए युवाओं को शिक्षा और जागरूकता के क्षेत्र में आगे आना होगा।
कुँवर लाल निवेन्द्र सिंह टेकाम ने कहा एकता और सांस्कृतिक गौरव का बना संदेश
पूरा आयोजन सामाजिक समरसता, संगठन की शक्ति और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश देता नजर आया।
हजारों समाजजनों की सहभागिता ने यह साबित किया कि समाज अपने गौरवशाली इतिहास और महापुरुषों के आदर्शों को सहेजने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में जिले भर से आए गणमान्य नागरिक, समाज प्रमुख, महिला एवं युवा संगठन के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




