Thursday, June 18, 2026

बैंक खाता खुलवाकर 5 हजार रुपये प्रतिमाह दिलाने का झांसा, लाखों की धोखाधड़ी का खुलासा बालोद पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, पासबुक और मोबाइल जब्त

 

बैंक खाता खुलवाकर 5 हजार रुपये प्रतिमाह दिलाने का झांसा, लाखों की धोखाधड़ी का खुलासा
बालोद पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, पासबुक और मोबाइल जब्त

बालोद, :-  सोशल मीडिया पर दिखे एक लालच भरे ऑफर के चक्कर में फंसकर लोगों के बैंक खातों का दुरुपयोग करने वाले एक आरोपी को बालोद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ग्रामीणों को बैंक खाता खुलवाने पर प्रतिमाह 5,000 रुपये मिलने का झांसा देकर उनके खाते, एटीएम कार्ड, पिन और मोबाइल सिम अपने कब्जे में ले लिए, जिसके बाद उन खातों में लाखों रुपये का संदिग्ध लेन-देन हुआ और खाते सीज हो गए।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी प्रेम सिंह देवांगन सहित अन्य लोगों ने थाना बालोद में शिकायत दर्ज कराई थी कि पुरानिक देवांगन ने उन्हें इंडियन ओवरसीज बैंक शाखा बालोद में खाते खुलवाने के लिए प्रेरित किया।

आरोपी ने बताया था कि बैंक खाता उपलब्ध कराने पर हर महीने 5,000 रुपये मिलेंगे। इसके लिए उसने प्रत्येक व्यक्ति से 800-800 रुपये जमा करवाकर बैंक खाते खुलवाए और नए सिम कार्ड लेकर खातों से लिंक करवाए।

खाता खुलने के बाद बैंक से प्राप्त एटीएम कार्ड, एटीएम पिन और संबंधित मोबाइल सिम आरोपी ने अपने पास रख लिए। बाद में पीड़ितों के खातों में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा बड़ी रकम जमा और निकासी की गई।

जांच में सामने आया कि प्रेम सिंह देवांगन के खाते में 1,55,906 रुपये, सोहन लाल तारम के खाते में 2,50,007 रुपये, डोमन देवांगन के खाते में 36,527 रुपये तथा किसुन देवांगन के खाते में 1,88,816 रुपये का संदिग्ध लेन-देन हुआ। इसके चलते संबंधित बैंक खातों को सीज कर दिया गया।

शिकायत के आधार पर थाना बालोद में अपराध क्रमांक 285/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह फेसबुक पर रील्स देख रहा था, तभी उसे एक विज्ञापन दिखाई दिया जिसमें कैसिनो गेम के लिए बैंक खाता उपलब्ध कराने पर प्रतिमाह 5,000 रुपये देने की बात कही गई थी।

विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के बाद उसने यह काम शुरू किया और ग्रामीणों के खाते खुलवाकर उनके एटीएम कार्ड एवं पिन को कुरियर के माध्यम से बम्हनी खेड़ा, जिला पलवल (हरियाणा) स्थित एक पते पर भेज दिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक शाखा दुधली की पासबुक तथा वीवो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया है।

आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पुरानिक देवांगन (34 वर्ष), पिता चेतन लाल देवांगन, निवासी ग्राम कोरगुड़ा, थाना एवं जिला बालोद के रूप में हुई है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, प्रधान आरक्षक योगेश सिन्हा, आरक्षक लक्ष्मण साहू एवं आरक्षक बनवाली साहू की विशेष भूमिका रही, जिसकी पुलिस विभाग द्वारा सराहना की गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
error: Content is protected !!