बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई : क्रेटा कार से 65 लाख रुपये नकद बरामद, वाहन सहित जप्त

बालोद। जिले में अवैध गतिविधियों एवं संदिग्ध नगदी परिवहन पर लगातार निगरानी रख रही बालोद पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना पुरूर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक क्रेटा कार से 65 लाख रुपये नकद बरामद कर वाहन सहित जप्त किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश कुमार पटेल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस अनुविभागीय अधिकारी गुरूर माया शर्मा तथा थाना प्रभारी पुरूर उप निरीक्षक जोगेंद्र साहू के नेतृत्व में थाना पुरूर पुलिस टीम लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी।
मुखबिर की सूचना पर की गई घेराबंदी
दिनांक 26 मई 2026 को थाना पुरूर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि सफेद रंग की क्रेटा कार क्रमांक CG-24-T-9998 में भारी मात्रा में नगद राशि परिवहन की जा रही है, जो कांकेर की ओर से पुरूर मार्ग की तरफ आ रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और एनएच-30 स्थित मरकाटोला घाट क्षेत्र में एमसीपी लगाकर सघन वाहन चेकिंग शुरू की गई।
कुछ समय बाद संदिग्ध क्रेटा वाहन को रोककर जांच की गई। वाहन में दो व्यक्ति सवार मिले, जिन्होंने पूछताछ में अपना नाम अमित जैन उम्र 42 वर्ष निवासी बालोद तथा लच्छू ठाकुर उम्र 38 वर्ष निवासी ग्राम तरौद जिला बालोद बताया।
तलाशी में मिले 65 लाख रुपये नकद
पुलिस द्वारा कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, बैंक कर्मचारियों एवं गवाहों की उपस्थिति में वाहन की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से कुल 65 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस द्वारा संबंधित व्यक्तियों से नगद राशि के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने कहा गया, किंतु वे कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। प्रारंभिक जांच में मामला टैक्स चोरी एवं अवैध नगदी परिवहन से जुड़ा प्रतीत होने पर पुलिस ने तत्काल वैधानिक कार्रवाई करते हुए नगद राशि एवं वाहन को जप्त कर लिया।
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना पुरूर पुलिस टीम की सक्रियता एवं सतर्कता सराहनीय रही। कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक जोगेंद्र साहू के साथ प्रधान आरक्षक विश्वजीत साहू, आरक्षक पुष्कर तिवारी, धर्मेंद्र टांडेकर, महेंद्र जैन, मनोज मेश्राम, किशोर साहू एवं संदीप यादव सहित समस्त पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अवैध गतिविधियों पर पुलिस की कड़ी नजर
बालोद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध कारोबार, संदिग्ध गतिविधियों एवं टैक्स चोरी जैसे मामलों पर लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से यह संदेश गया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए बालोद पुलिस पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।




