बालोद जिला प्रशासन का बड़ा फैसला
मितव्ययिता, ऊर्जा बचत और पेपरलेस कामकाज को बढ़ावा देने जारी हुए नए निर्देश

बालोद :- राज्य शासन के निर्देशानुसार वित्तीय संसाधनों के कुशल प्रबंधन और सार्वजनिक व्यय में अनुशासन सुनिश्चित करने हेतु जिला प्रशासन बालोद ने जिले के सभी शासकीय विभागों के लिए मितव्ययिता, ऊर्जा बचत एवं पेपरलेस कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने संबंधी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
जारी निर्देशों के अनुसार पेट्रोल एवं डीजल की खपत को कम करने के लिए एक ही दिशा में दौरे पर जाने वाले अधिकारियों के लिए ‘वाहन पूलिंग’ व्यवस्था लागू की जाएगी, जिससे ईंधन की बचत के साथ-साथ शासकीय संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित हो सके।
इसके अलावा समय-सीमा की साप्ताहिक बैठकों में अब विकासखंड स्तरीय अधिकारी, एसडीएम, जनपद पंचायत सीईओ एवं तहसीलदार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होंगे। जिला मुख्यालय स्तर के अधिकारी ही बैठकों में भौतिक रूप से उपस्थित रहेंगे। इससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।
जिला प्रशासन ने कार्यालयीन समय के बाद सभी विद्युत उपकरण जैसे लाइट, पंखे, एसी एवं कंप्यूटर अनिवार्य रूप से बंद रखने के निर्देश भी दिए हैं। केवल आवश्यकता होने पर ही विद्युत उपकरणों का उपयोग किया जाएगा।
इसके साथ ही जिला एवं विकासखंड स्तरीय बैठकों में अब प्रिंटेड पेपर और बुकलेट्स के स्थान पर इलेक्ट्रॉनिक फाइलों (.pdf/.ppt) का उपयोग किया जाएगा। सभी शासकीय पत्राचार अनिवार्य रूप से ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से किए जाएंगे।
जिला प्रशासन का यह कदम सरकारी संसाधनों के संरक्षण, ऊर्जा बचत और आधुनिक डिजिटल कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।




