Thursday, June 11, 2026

सनकी भाई ने छोटी बहन की कैंची मारकर की निर्मम हत्या बड़े पिता के घर से वापस आने को लेकर था नाराज, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

 

सनकी भाई ने छोटी बहन की कैंची मारकर की निर्मम हत्या
बड़े पिता के घर से वापस आने को लेकर था नाराज, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार


बालोद :- बालोद जिले के देवरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसुली में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां मंझले भाई ने अपनी छोटी बहन की धारदार कैंची से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मामले में पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य, पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर एवं एसडीओपी श्री बोनीफास एक्का के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी देवरी उप निरीक्षक मनीष शेन्डे के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतिका तनीशा सोनकर (18 वर्ष) ग्राम परसुली निवासी थी और अपने बड़े पिता के घर रहकर 12वीं की पढ़ाई कर रही थी। कुछ दिन पहले ही वह अपनी मां के पास वापस रहने आई थी। इसी बात को लेकर उसका मंझला भाई कुबेर उर्फ पुकेश सोनकर उससे लगातार विवाद और झगड़ा करता था।
बताया गया कि 15 मई 2026 की सुबह तनीशा अपनी मां लेमिन बाई सोनकर के साथ थाना देवरी पहुंची थी और भाई द्वारा मारपीट एवं विवाद किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि बाद में पारिवारिक मामला बताते हुए उसने लिखित आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने की बात कही।
दोपहर करीब 3:30 बजे तनीशा अपने बड़े भाई पंकज के साथ कमरे में अलग-अलग खाट पर सो रही थी। उसी दौरान आरोपी कुबेर उर्फ पुकेश ने हत्या की नीयत से धारदार कैंची से तनीशा के गले पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ।
घटना देखकर उसकी मां ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल तनीशा को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार हेतु भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति अस्पताल, पेंड्री राजनांदगांव रेफर किया गया। उपचार के दौरान शाम 6:11 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रार्थिया लेमिन बाई सोनकर की शिकायत पर थाना देवरी में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 73/2026 के तहत धारा 109 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया, बाद में मृत्यु होने पर धारा 103(1) बीएनएस जोड़ी गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बड़े पिता के घर से बहन के वापस आने को लेकर नाराजगी के कारण घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पूरे मामले की कार्रवाई में उप निरीक्षक मनीष शेन्डे, सहायक उप निरीक्षक रामप्रसाद गजबिहे, आरक्षक दिलीप बर्मन, नितिन देवांगन, संतोष खुटेल एवं सुरेश प्रीतम की सराहनीय भूमिका रही।

RELATED ARTICLES

Most Popular

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
error: Content is protected !!