Tuesday, September 1, 2026

“बालोद में नशा और अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी” — एसपी किरण गंगाराम चव्हाण नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक ने पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों से किया परिचय, कानून के समक्ष सभी समान होने का दिया संदेश।

 

“बालोद में नशा और अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी” :— एसपी किरण गंगाराम चव्हाण

नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक ने पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों से किया परिचय, कानून के समक्ष सभी समान होने का दिया संदेश।


बालोद, :- बालोद जिले के नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) ने पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार जिले के मीडिया प्रतिनिधियों से औपचारिक परिचय एवं प्रेस वार्ता की।

इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से खुले संवाद के माध्यम से जिले में बेहतर पुलिसिंग, जनसहयोग और पारदर्शिता के साथ कार्य करने का भरोसा दिलाया।
प्रेस वार्ता की शुरुआत उन्होंने अपने जीवन परिचय से की। उन्होंने बताया कि वे वर्ष 2018 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी हैं तथा महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले के निवासी हैं। मैकेनिकल इंजीनियरिंग की शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा उत्तीर्ण कर भारतीय पुलिस सेवा में प्रवेश किया।

उन्होंने बिलासपुर, जगदलपुर एवं सुकमा में अपने कार्यकाल के अनुभव भी साझा किए और बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में कार्य करते हुए जनविश्वास अर्जित करना उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता रही है।

श्री चव्हाण ने कहा कि बालोद जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा अपराध पर सख्त कार्रवाई करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानून से बड़ा कोई नहीं है।

यदि किसी भी प्रकार के अपराध में कोई व्यक्ति, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो अथवा पुलिस विभाग से जुड़ा ही क्यों न हो, संलिप्त पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार समान कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच सीधा संवाद बढ़ाया जाएगा, जिससे लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके और आमजन का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो। उन्होंने कहा कि समाज से नशे और अपराध को समाप्त करने के लिए केवल पुलिस ही नहीं, बल्कि जनता, सामाजिक संगठनों और मीडिया की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।
मीडिया की भूमिका पर विशेष जोर देते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। उन्होंने मीडिया से सकारात्मक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर पुलिस के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रचनात्मक सुझावों और तथ्यों पर आधारित समाचारों से पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
प्रेस वार्ता के दौरान श्री चव्हाण ने भरोसा दिलाया कि बालोद पुलिस निष्पक्षता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करेगी तथा जिले में कानून का राज स्थापित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, नशा मुक्त समाज तथा अपराध नियंत्रण उनकी कार्यशैली की प्रमुख प्राथमिकताएँ रहेंगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
error: Content is protected !!