भाजयुमो शहर मंडल अध्यक्ष राहुल सोनी के नेतृत्व में थाने का घेराव, कार्यकर्ता को कथित जान से मारने की धमकी मामले में एफआईआर की मांग
गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद पर मोबाइल पर धमकी देने का आरोप, निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

बालोद, :– भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) शहर मंडल बालोद ने अर्जुन्दा मंडल अध्यक्ष नवीन राजपूत को मोबाइल पर कथित रूप से जान से मारने की धमकी दिए जाने के मामले में कड़ी आपत्ति जताते हुए थाना प्रभारी बालोद को ज्ञापन सौंपकर एफआईआर दर्ज करने एवं दोषी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की।

यह ज्ञापन भाजयुमो शहर मंडल अध्यक्ष राहुल सोनी के नेतृत्व में सौंपा गया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजयुमो पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
राहुल सोनी ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा अपने प्रत्येक कार्यकर्ता के सम्मान और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा किसी भी प्रकार की धमकी या दबाव की राजनीति को बर्दाश्त नहीं करेगा।

राहुल सोनी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी भी जनप्रतिनिधि द्वारा राजनीतिक कार्यकर्ताओं को कथित रूप से धमकाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों को उठाने वाले कार्यकर्ताओं को भयभीत करने का प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की भावना के विरुद्ध है। ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होना आवश्यक है, ताकि कानून के प्रति लोगों का विश्वास बना रहे।

उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच कर संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की जाए तथा दोषी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
राहुल सोनी ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा कानून और संविधान में विश्वास रखता है, लेकिन यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक दायरे में रहकर जनहित में आगे की रणनीति तय करने के लिए बाध्य होगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश प्रशिक्षण सह-प्रमुख संजय साहू, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रौनक कत्याल, जिला मंत्री आशुतोष कौशिक, जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख जागेश्वर ढीमर, जिला मीडिया प्रभारी अभिन्न यादव, जीत यादव, टेशांत देशमुख, जुंगेरा मंडल अध्यक्ष लोकेश देवांगन, भाजयुमो बालोद महामंत्री तुषार ढीमर, अंश योगी, खम्मन साहू, हर्षित यादव, अमित बिसाई, लुमेश साहू, नमन साहू, पुष्कर देशमुख, आदि धुर्वे, पवन यादव, आदित्य बढ़तिया, उजांशु देशमुख, योगेश ठाकुर, आदि भेड़िया, गोल्डी खान, आदि यादव सहित बड़ी संख्या में भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




