ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र 2026: बालोद के स्काउट-गाइड बच्चों ने सैनिक भाइयों के लिए भेजीं 800 राखियां

बालोद। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवानों के प्रति सम्मान, स्नेह और कृतज्ञता प्रकट करने के उद्देश्य से भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ द्वारा “ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र 2026” अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत बालोद जिले के स्काउट-गाइड एवं स्कूली बच्चों द्वारा अपने हाथों से तैयार की गई लगभग 800 राखियां सैनिक भाइयों के लिए राज्य मुख्यालय रायपुर को प्रेषित की गईं।

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ राज्य मुख्यालय रायपुर के निर्देशानुसार संचालित इस विशेष देशभक्ति अभियान में स्काउट-गाइड, स्काउटर, गाइडर, स्कूली बच्चे, महिलाएं एवं विभिन्न सामाजिक संगठन उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रहे हैं। अभियान के तहत बच्चों एवं स्वयंसेवकों द्वारा हाथों से बनाई गई राखियों के साथ सैनिकों के नाम भावनात्मक संदेश-पत्र तथा छत्तीसगढ़ की पवित्र मिट्टी की एक चुटकी भी भेजी जा रही है। यह सामग्री देश की सरहदों पर दिन-रात कर्तव्य निभा रहे वीर जवानों तक पहुंचाई जाएगी।
इसी क्रम में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ जिला संघ बालोद के जिला मुख्य आयुक्त राकेश यादव के करकमलों से सैनिक भाइयों के लिए तैयार की गई लगभग 800 राखियां राज्य मुख्यालय रायपुर के लिए प्रेषित की गईं। राखियां भेजते समय उपस्थित पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सैनिकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके सुरक्षित एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष बालोद चेमन देशमुख, जिला महामंत्री सौरभ लुनिया, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला कोषाध्यक्ष सत्यवान पिपरिया, जिला संगठन आयुक्त नेमसिंह साहू एवं प्रेमलता चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता, जनप्रतिनिधि एवं स्काउट-गाइड पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सैनिकों के प्रति कृतज्ञता और राष्ट्रप्रेम का संदेश
जिला मुख्य आयुक्त राकेश यादव ने कहा कि “ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र” केवल राखी भेजने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की रक्षा में 24 घंटे सीमाओं पर तैनात वीर जवानों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और आत्मीयता व्यक्त करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि सैनिक अपने परिवार से दूर रहकर देशवासियों की सुरक्षा के लिए कठिन परिस्थितियों में कर्तव्य निभाते हैं। ऐसे में बच्चों द्वारा अपने हाथों से बनाई गई राखियां और भावनात्मक संदेश उनके प्रति समाज के स्नेह और सम्मान का प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से नई पीढ़ी और विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व और सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना मजबूत होती है। बच्चों को यह समझने का अवसर मिलता है कि देश की सुरक्षा में सैनिकों का योगदान कितना महत्वपूर्ण है।
बालोद के स्काउट-गाइड बच्चों में दिखा उत्साह
अभियान को लेकर बालोद जिले के स्काउट-गाइड एवं स्कूली बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने अपने हाथों से आकर्षक राखियां तैयार कर उन्हें सैनिक भाइयों के लिए भेजा। राखियों के साथ सैनिकों के लिए स्नेह एवं शुभकामनाओं से भरे संदेश भी तैयार किए गए। बच्चों ने अपने संदेशों के माध्यम से जवानों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए देश की रक्षा के लिए उनके समर्पण को नमन किया।
इस आयोजन पर जिला सचिव केएल गजेन्द्र, डीटीसी सीमा साहू, डीटीसी भुवन सिन्हा, जिला संयुक्त सचिव मधुमाला कौशल तथा समस्त विकासखंड सचिव, संयुक्त सचिव, स्काउटर एवं गाइडर ने हर्ष व्यक्त किया और अभियान से जुड़े सभी बच्चों, पदाधिकारियों एवं सहयोगियों का उत्साहवर्धन किया।
“ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र 2026” के माध्यम से बालोद जिले से भेजी गई राखियां देश की सीमाओं पर तैनात जवानों तक पहुंचकर उन्हें यह भावनात्मक संदेश देंगी कि देश का हर नागरिक अपने वीर सैनिकों के साथ खड़ा है और उनके त्याग एवं समर्पण को नमन करता है।




