नई सेनानी मोनिका ठाकुर ने संभाली 14वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की कमान
पदभार ग्रहण करते ही अधिकारियों की समीक्षा बैठक, अनुशासन, समन्वय और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में उच्च सतर्कता के दिए निर्देश

बालोद :– 14वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) धनोरा को नई सेनानी मिल गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी श्रीमती मोनिका ठाकुर ने मंगलवार को विधिवत रूप से 14वीं वाहिनी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, धनोरा के सेनानी का पदभार ग्रहण किया।
कार्यालय पहुंचने पर वाहिनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया तथा नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद सेनानी श्रीमती मोनिका ठाकुर ने वाहिनी के वरिष्ठ अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की परिचयात्मक एवं समीक्षा बैठक ली।
बैठक में वाहिनी की प्रशासनिक व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, प्रशिक्षण, कंपनी संचालन तथा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने सभी शाखाओं के कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में सहायक सेनानी किशोरी लाल वर्मा एवं अलबिनुस मिंज, कंपनी प्रभारी एवं सुबेदार बीरेन्द्र सिंह, क्वार्टर मास्टर शाखा के बैसनाथ बंजारे, प्रशिक्षण शाखा के प्रशिक्षु प्लाटून कमांडरों सहित कार्यालयीन शाखा के लिपिकीय स्टाफ एवं वाहिनी की अन्य शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
सेनानी श्रीमती मोनिका ठाकुर ने कहा कि वाहिनी की कार्यप्रणाली में अनुशासन, समयबद्धता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय, टीम भावना और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि प्रत्येक दायित्व का प्रभावी ढंग से निर्वहन सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने विशेष रूप से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात जवानों एवं अधिकारियों को सतर्कता, सुरक्षा और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। साथ ही नक्सल गतिविधियों पर निरंतर निगरानी रखने, प्रभावी सूचना संकलन करने तथा किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए हमेशा तैयार रहने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान सेनानी ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करें। उन्होंने कहा कि वाहिनी की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाते हुए जनसुरक्षा, कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखना सर्वोच्च लक्ष्य रहेगा।
नई सेनानी के पदभार ग्रहण करने के साथ ही 14वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल में कार्यों की समीक्षा, अनुशासन को और मजबूत करने तथा सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में नई कार्यशैली की शुरुआत मानी जा रही है।
अधिकारियों और कर्मचारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में वाहिनी अपनी जिम्मेदारियों का और अधिक प्रभावी ढंग से निर्वहन करेगी।




