सुशासन तिहार में जिला स्तरीय अधिकारी करेंगे पूल वाहन का उपयोग
पेट्रोलियम पदार्थों की बचत हेतु कलेक्टर ने जारी किए निर्देश

बालोद, :- सुशासन तिहार के दौरान बालोद जिले के सभी जिला स्तरीय अधिकारी शासकीय वाहनों का उपयोग पूल वाहन के रूप में करेंगे।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने वर्तमान में पश्चिम एशिया संकट के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील पर त्वरित अमल सुनिश्चित करते हुए पेट्रोलियम पदार्थों की बचत के उपाय लागू करने हेतु सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
कलेक्टर द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार सुशासन तिहार के दौरान आयोजित होने वाले शिविरों में एक जिला स्तरीय अधिकारी के शासकीय वाहन में दो या तीन विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एक साथ यात्रा करेंगे और वाहन का उपयोग पूल वाहन के तौर पर किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा उठाया गया यह कदम ईंधन की बचत, संसाधनों के बेहतर उपयोग एवं प्रशासनिक कार्यों में समन्वय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




