राष्ट्रीय सिविल सेवा दिवस पर जिला प्रेस क्लब ने अधिकारियों का किया सम्मान
कलेक्टर श्रीमती दिव्या मिश्रा ने कहा— बालोद शांतिप्रिय जिला, यहां के लोग बेहद सहयोगी

बालोद:- राष्ट्रीय सिविल सेवा दिवस के अवसर पर बालोद जिले में सफलतापूर्वक एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण करने पर मंगलवार को जिला प्रेस क्लब बालोद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ सुनील चंद्रवंशी तथा वन मंडलाधिकारी अभिषेक अग्रवाल से मुलाकात कर उन्हें गुलदस्ता भेंट करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा और पत्रकारों के बीच शहर के विकास, सामाजिक गतिविधियों तथा वर्तमान परिस्थितियों को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई।
कलेक्टर ने कहा कि बालोद एक शांतिप्रिय जिला है और यहां के लोग बहुत अच्छे एवं सहयोगी स्वभाव के हैं।
जिला प्रेस क्लब अध्यक्ष संतोष साहू ने भीषण गर्मी के कारण मवेशियों एवं पक्षियों को पानी की समस्या होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि जिला प्रेस क्लब द्वारा शहर के विभिन्न हिस्सों में पशुओं के लिए कोटना तथा पक्षियों के लिए मटकी रखने का विशेष अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है।
इस जनहितकारी कार्यक्रम में शामिल होने हेतु अध्यक्ष संतोष साहू ने कलेक्टर को आमंत्रित किया, जिसे स्वीकार करते हुए कलेक्टर ने कार्यक्रम में उपस्थित रहने की सहमति दी।
कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने कहा कि शहर के अलग-अलग स्थानों पर पशुओं के लिए कोटना रखवाने की दिशा में भी पहल की जा रही है। इसके लिए शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों की बैठक बुलाने की तैयारी है।
उन्होंने जिले में गिरते जलस्तर पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वॉटर हार्वेस्टिंग के माध्यम से पानी को धरती के भीतर पहुंचाकर जलस्तर सुधारने की दिशा में सार्थक प्रयास किए जा सकते हैं।
इस दौरान जिला प्रेस क्लब के संरक्षक अफजल रिजवी, रवि भूतड़ा, संजय दुबे, अध्यक्ष संतोष साहू, राहुल भूतड़ा, अखिल साहू, दुर्गा शंकर साहू, नरेश श्रीवास्तव, जगेश्वर सिन्हा, धनाराम साहू, सुप्रीत शर्मा, जगन्नाथ साहू, ऋषभ सिन्हा सहित क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।




