*प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला: भाजपा युवा मोर्चा ने थाना मंगचुवा में की शिकायत, आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग*

डौण्डीलोहारा/बालोद :– प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी और अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने के मामले में भारतीय जनता युवा मोर्चा मंडल रेंगाडबरी ने थाना मंगचुवा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
संगठन ने आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

भाजपा युवा मोर्चा मंडल रेंगाडबरी के अध्यक्ष प्रीतम कुमार देशमुख के नेतृत्व में थाना प्रभारी मंगचुवा को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि दल्लीराजहरा निवासी सनी जायसवाल द्वारा कथित रूप से अपने इंस्टाग्राम अकाउंट “sunny_jaiswal_iyc” से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संबंध में आपत्तिजनक वीडियो साझा किया गया, जिसमें अभद्र भाषा का प्रयोग और प्रधानमंत्री के छायाचित्र के साथ आपत्तिजनक कृत्य किए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस प्रकार की सामग्री से देशवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं।
ज्ञापन में मांग की गई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध प्रचलित कानूनों के तहत उचित दंडात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया के माध्यम से इस प्रकार की आपत्तिजनक गतिविधियां करने का प्रयास न करे।
इस दौरान भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि लोकतंत्र में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सभी को प्राप्त है, लेकिन किसी भी संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति के प्रति अभद्र भाषा, अपमानजनक टिप्पणी अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियां स्वीकार्य नहीं हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई।
शिकायत सौंपने के दौरान जिला सह-कोषाध्यक्ष अंकुश कुंजाम के नेतृत्व में जिला अनुसूचित जनजाति मोर्चा के उपाध्यक्ष निरंजन परोटी, भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष प्रीतम कुमार देशमुख, मंडल उपाध्यक्ष टेस्वर ठाकुर, दिलेश धुरवा, भीकम कुमार सहित भाजपा मंडल रेंगाडबरी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




