जिले के पलारी नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस की बड़ी जीत, यानेश साहू 506 मतों से निर्वाचित अध्यक्ष

पलारी :- नगर पंचायत पलारी आम निर्वाचन 2026 के अंतर्गत बुधवार को संपन्न मतगणना में कांग्रेस प्रत्याशी यानेश साहू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अध्यक्ष पद पर विजय हासिल कर ली।

उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी लखनलाल गुरुपंच को 506 मतों के अंतर से पराजित किया।
मतगणना कार्य निर्धारित समय पर प्रारंभ हुआ। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्रकांत कौशिक, रिटर्निंग ऑफिसर रामकुमार सोनकर, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर हनुमंत श्याम, गिरीश साहू सहित निर्वाचन कार्य में संलग्न अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
मतगणना स्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे तथा प्रत्याशियों और समर्थकों की निगाहें परिणामों पर टिकी रहीं।
प्रथम चरण की मतगणना में कांग्रेस प्रत्याशी यानेश साहू को 867 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा प्रत्याशी लखनलाल गुरुपंच को 576 मत मिले।
पहले चरण से ही यानेश साहू ने 291 मतों की बढ़त बनाकर मुकाबले में अपनी मजबूत स्थिति दर्ज करा दी थी।
द्वितीय चरण की मतगणना में भी कांग्रेस प्रत्याशी को बढ़त मिली। इस चरण में यानेश साहू को 596 मत तथा लखनलाल गुरुपंच को 456 मत प्राप्त हुए।
दोनों चरणों की मतगणना के बाद यानेश साहू की कुल बढ़त 431 मतों तक पहुंच गई, जिससे कांग्रेस समर्थकों में उत्साह का माहौल बन गया।
तीसरे एवं अंतिम चरण की मतगणना में यानेश साहू को 566 मत तथा लखनलाल गुरुपंच को 491 मत प्राप्त हुए। अंतिम चरण की गणना पूरी होने के बाद यानेश साहू ने कुल 506 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर नगर पंचायत पलारी के अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।
परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई।
समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया। वहीं विजयी प्रत्याशी यानेश साहू ने मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे नगर के विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देंगे।
नगर पंचायत पलारी के इस चुनाव परिणाम को स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां कांग्रेस ने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल कर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।




