Thursday, June 18, 2026

बालोद पुलिस की बड़ी सफलता:– अंतर्राज्यीय डीजल चोरी गिरोह का भंडाफोड़, 11 आरोपी गिरफ्तार

बालोद पुलिस की बड़ी सफलता:– अंतर्राज्यीय डीजल चोरी गिरोह का भंडाफोड़, 11 आरोपी गिरफ्तार

बालोद, 18 जून :- जिले में लगातार हो रही डीजल चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बालोद पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय डीजल चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में 9 और आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। इससे पहले 2 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके थे। इस प्रकार अब तक कुल 11 आरोपियों की गिरफ्तारी और 6 वाहनों की जब्ती की जा चुकी है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मध्यप्रदेश पंजीयन के दो स्कॉर्पियो वाहन, एक टैंकर, तीन मोबाइल फोन, 37 प्लास्टिक गैलन तथा 40 हजार रुपये नगद जब्त किए हैं। कार्रवाई के दौरान गिरोह द्वारा चोरी किए गए डीजल की खरीद-बिक्री के नेटवर्क का भी खुलासा हुआ है।

पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज श्री अभिषेक शांडिल्य एवं पुलिस अधीक्षक बालोद श्री योगेश पटेल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर तथा एसडीओपी बालोद बोनीफॉस एक्का के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम का नेतृत्व निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा और साइबर सेल प्रभारी धरम भुआर्य कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार 13 जून 2026 को नाकेबंदी के दौरान दो आरोपियों शिवपाल उर्फ शिवा वाल्मिकी एवं देवेन्द्र विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक स्वीफ्ट डिजायर कार, सूमो गोल्ड, स्कॉर्पियो वाहन, मोबाइल फोन और लगभग 490 लीटर चोरी का डीजल बरामद किया गया था। इसके बाद फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी थी।

साइबर सेल और थाना बालोद की संयुक्त टीम को सूचना मिली कि गिरोह के सदस्य रायपुर के उरला क्षेत्र में किराए के मकान में छिपे हुए हैं। पुलिस ने दबिश देकर 8 आरोपियों को हिरासत में लिया और पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने डीजल चोरी के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया।

आरोपियों ने बताया कि वे बालोद जिले के लाटाबोड़, नेवारीखुर्द, जगतरा, अर्जुन्दा और कुम्हारी क्षेत्रों में खड़े ट्रकों और बसों की डीजल टंकियों के ताले तोड़कर डीजल चोरी करते थे। चोरी किए गए डीजल को प्लास्टिक गैलनों में भरकर भिलाई निवासी गणेश साव तक पहुंचाया जाता था, जो उसे आगे बेच देता था। गिरोह इस काम के लिए कारों और स्कॉर्पियो वाहनों का उपयोग करता था।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी सोनू वाल्मिकी से एक स्कॉर्पियो वाहन और मोबाइल फोन, गणेश साव से 37 प्लास्टिक गैलन, 40 हजार रुपये नगद और दो मोबाइल फोन तथा अन्य आरोपियों से विभिन्न वाहन जब्त किए। इसके अलावा रायपुर निवासी विरेन्द्र सिंह के कब्जे से चोरी का डीजल परिवहन करने में प्रयुक्त टैंकर वाहन भी जब्त किया गया।

पुलिस ने सोनू वाल्मिकी, गणेश साव, अरुण फुलेरिया, तुषार माली, राहुल चंदेल, राकेश चंदेल, होकम सिंह मालवी, विरेन्द्र सिंह और धरमराज फुलेरिया को गिरफ्तार कर 18 जून को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, उपनिरीक्षक देवकुमार कोर्राम, साइबर सेल प्रभारी धरम भुआर्य सहित थाना बालोद एवं साइबर सेल के अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने इसे जिले में डीजल चोरी के खिलाफ बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि ऐसे संगठित अपराधों पर आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी

 

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
error: Content is protected !!