Tuesday, September 1, 2026

बालोद पुलिस हुई हाईटेक: एसपी किरण चव्हाण ने 83 विवेचकों को दिए स्मार्ट मोबाइल, e-Sakshya ऐप से होगी डिजिटल साक्ष्य की जांच

 

बालोद पुलिस हुई हाईटेक: एसपी किरण चव्हाण ने 83 विवेचकों को दिए स्मार्ट मोबाइल, e-Sakshya ऐप से होगी डिजिटल साक्ष्य की जांच


बालोद, :–  बालोद जिले में अपराध अनुसंधान को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए पुलिस विभाग ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। नव पदस्थ पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) ने पुलिस मुख्यालय, छत्तीसगढ़, नया रायपुर के निर्देशानुसार जिले के 83 विवेचकों को हाईटेक स्मार्ट मोबाइल फोन वितरित किए। इन स्मार्ट मोबाइलों के माध्यम से विवेचक अब e-Sakshya (ई-साक्ष्य) ऐप का उपयोग कर घटनास्थल से डिजिटल साक्ष्य का वैज्ञानिक एवं विधिसम्मत संकलन कर सकेंगे।
मोबाइल वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री चव्हाण ने कहा कि समयबद्ध, निष्पक्ष और वैज्ञानिक विवेचना ही न्याय की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि बालोद पुलिस का लक्ष्य प्रत्येक पीड़ित को त्वरित एवं प्रभावी न्याय दिलाना है। इसके लिए सभी विवेचकों को नवीन आपराधिक कानूनों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान करते हुए आधुनिक तकनीक का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करना होगा।
उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल साक्ष्य अपराध अनुसंधान का महत्वपूर्ण आधार बन चुके हैं। इसलिए सभी विवेचक e-Sakshya ऐप का शत-प्रतिशत उपयोग करते हुए घटनास्थल का डिजिटल दस्तावेजीकरण, फोटो, वीडियो, लोकेशन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का सुरक्षित एवं विधिसम्मत संकलन सुनिश्चित करें।

इससे न्यायालय में प्रस्तुत साक्ष्यों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता और अधिक मजबूत होगी।
एसपी श्री चव्हाण ने कहा कि वितरित किए गए हाईटेक स्मार्ट मोबाइल केवल संचार का माध्यम नहीं हैं, बल्कि आधुनिक अनुसंधान के प्रभावी उपकरण हैं।

इनके माध्यम से घटनास्थल का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करना, ई-साक्ष्य अपलोड करना, वरिष्ठ अधिकारियों से त्वरित समन्वय स्थापित करना तथा अनुसंधान संबंधी कार्यों का समयबद्ध निष्पादन आसान होगा। इससे अपराध विवेचना की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार आएगा और न्यायिक प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनेगी।
उन्होंने जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण में नवीन आपराधिक कानूनों के प्रावधानों का अक्षरशः पालन किया जाए।

साथ ही महिला एवं बाल अपराधों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई, मजबूत बीट व्यवस्था के माध्यम से आमजन से बेहतर संवाद तथा यातायात व्यवस्था में सुधार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर, एसडीओपी बालोद  बोनीफास एक्का, एसडीओपी गुरुर श्रीमती माया शर्मा, डीएसपी मुख्यालय श्रीमती श्रुति सिंह, रक्षित निरीक्षक सहित जिले के सभी थाना प्रभारी एवं विवेचक उपस्थित रहे।
बालोद पुलिस की यह पहल जिले में तकनीक आधारित, पारदर्शी और साक्ष्य-आधारित पुलिसिंग को नई दिशा देने वाली मानी जा रही है।

इससे अपराधों की जांच अधिक वैज्ञानिक, तेज और न्यायालयीन मानकों के अनुरूप हो सकेगी, जिसका सीधा लाभ आम नागरिकों को मिलेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
error: Content is protected !!