प्रशासन ने सुनी स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय कर्मचारी संघ की मांग
विभिन्न मांगों को अमल करने के लिए सीएमएचओ को जारी किया पत्र

बालोद :– लगातार स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज उठाने वाले स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय कर्मचारी संघ जिला बालोद की एक बार फिर विभिन्न मांगों को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। 7 मई को विभिन्न संगठन के प्रमुखों की बैठक जिला कार्यालय में आयोजित की गई थी।
बैठक अपर कलेक्टर अजय किशोर लकड़ा की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
उक्त बैठक में स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष घनश्याम पुरी गोस्वामी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा जिसके बाद प्रशासन ने मांगों को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही के लिए पत्र लिखा है।

इन मांगों पर होगी कार्यवाही
जिलाध्यक्ष घनश्याम पुरी गोस्वामी ने मांग की थी कि स्वास्थ्य विभाग में कार्य करने वाले नेत्र सहायक अधिकारी, स्वास्थ्य सुपरवाइजर, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक फिल्ड में ड्यूटी करते हैं जिनके द्वारा आधार बेस उपस्थिति कई दिनों तक नहीं किया जाता।
इसलिए इन कर्मचारियों की आधार बेस उपस्थिति की अनिवार्यता खत्म करने की मांग की। वहीं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का वरिष्ठता सूची जारी कर पदोन्नति प्रक्रिया तत्काल शुरू करने, कर्मचारियों का लंबित समयमान वेतनमान और एरियस का भुगतान तत्काल करने की भी मांग की गई थी।
इसके अलावा जिलाध्यक्ष पुरी ने कहा था कि सेवानिवृत कर्मचारी जीपीएफ सहित अन्य मद हेतु उनके सेवानिवृत्ति काल होने से 6 पहले ही सारी प्रक्रिया पूर्ण की जाए ताकि उन्हें भविष्य में भटकना न पड़े, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों को नियमित प्रत्येक माह वेतन नहीं मिल रहा है जिस कारण पारिवारिक आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, उनका वेतन भुगतान समय पर करने की मांग भी की गई थी।




