राज्य स्थापना दिवस गौरव और सम्मान का प्रतीक, विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में जुटी सरकार : यज्ञदत्त शर्मा

बालोद। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि 1 नवंबर का दिन छत्तीसगढ़ के इतिहास में गौरव, सम्मान और ऐतिहासिक उपलब्धि का प्रतीक है। इसी दिन वर्ष 2000 में पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ था।
उनके ऐतिहासिक निर्णय से प्रदेशवासियों को अलग राज्य की सौगात मिली और छत्तीसगढ़ को अपनी स्वतंत्र पहचान के साथ विकास की नई दिशा प्राप्त हुई।
उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संपदा, वन संपदा और जनजातीय संस्कृति की दृष्टि से समृद्ध राज्य है। यहां के वनवासी और आदिवासी समाज का प्रदेश की पहचान एवं विकास में महत्वपूर्ण योगदान है।
लघु वनोपज के माध्यम से वनांचल में रहने वाले लोगों की आजीविका को मजबूत करना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना भी विकास की महत्वपूर्ण कड़ी है।
अंत में यज्ञदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
राज्य स्थापना दिवस हम सभी को प्रदेश की एकता, अस्मिता और समृद्धि के लिए मिलकर कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य और विकास यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान किया।




