Friday, October 30, 2026

यादव समाज की एकजुटता से ही मिलेगा अधिकार और उचित प्रतिनिधित्व: बालोद में सर्व यादव समाज की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न रावत उपजाति को पिछड़ा वर्ग की मान्यता, ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण और 2027 में जातिगत जनगणना की मांग; समाज की सभी उपशाखाओं को एक मंच पर लाने पर जोर

यादव समाज की एकजुटता से ही मिलेगा अधिकार और उचित प्रतिनिधित्व: बालोद में सर्व यादव समाज की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न

रावत उपजाति को पिछड़ा वर्ग की मान्यता, ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण और 2027 में जातिगत जनगणना की मांग; समाज की सभी उपशाखाओं को एक मंच पर लाने पर जोर

बालोद। जिला मुख्यालय बालोद में 11 सितंबर 2026 को सर्व यादव समाज जिला संगठन बालोद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में कोसरिया यादव, बड़े कोसरिया यादव, ठेठवार यादव एवं झेरिया यादव समाज सहित विभिन्न उपशाखाओं के पदाधिकारी एवं समाज प्रमुख बड़ी संख्या में शामिल हुए। बैठक में समाज के चहुंमुखी विकास, सामाजिक एकजुटता, राजनीतिक सहभागिता तथा आगामी संगठनात्मक संरचना को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राजेश यादव ने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकजुटता में निहित है। उन्होंने कहा कि यादव समाज की सभी उपशाखाओं के पदाधिकारियों और सदस्यों को एक-दूसरे के सामाजिक आयोजनों में सहर्ष शामिल होना चाहिए। आपसी संवाद और सहभागिता से ही समाज के भीतर मजबूत समन्वय और एकता स्थापित होगी।

राजेश यादव ने सड़कों पर बेसहारा घूम रहे गोवंश की स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आए दिन मूक गोवंश सड़क दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। समाज को इस दिशा में सामूहिक पहल करते हुए बेसहारा गोवंश की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए एक भव्य ‘गोधाम’ स्थापित करने की दिशा में प्रयास करना चाहिए। उन्होंने इसे समाज की सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ते हुए सभी से सहयोग का आह्वान किया।

35 लाख की आबादी के बावजूद गौ सेवा आयोग में प्रतिनिधित्व नहीं मिलने पर उठाया सवाल

बैठक में छत्तीसगढ़ सर्व यादव समाज के प्रांत अध्यक्ष रमेश यदु ने कहा कि छत्तीसगढ़ में यादव समाज की आबादी लगभग 35 लाख है। इसके बावजूद समाज को गौ सेवा आयोग में प्रमुख पदों पर उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि गौ सेवा यादव समाज की परंपरा और प्रमुख सामाजिक कार्यों में शामिल रही है, इसलिए समाज को इस क्षेत्र में भी उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।

रमेश यदु ने दुर्ग के झुमुक लाल राऊत को सम्मानपूर्वक याद करते हुए कहा कि उन्होंने वर्ष 1986 में दुर्ग में सर्व यादव समाज का सफल राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित कराया था। उन्होंने कहा कि समाज के सभी लोगों को एक-दूसरे का सहयोग करते हुए भविष्य में भी बड़े सामाजिक आयोजन करने चाहिए।

रावत उपजाति को पिछड़ा वर्ग की मान्यता देने का प्रस्ताव

बैठक में सर्वसम्मति से विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई। इनमें छत्तीसगढ़ में यादव समाज के जिन सदस्यों द्वारा ‘रावत’ उपजाति लिखी जाती है, उन्हें पिछड़ा वर्ग की मान्यता दिए जाने की मांग प्रमुख रही। इसके साथ ही 2027 में जातिगत जनगणना कराने तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण की मांग शासन के समक्ष रखने का निर्णय लिया गया।

कोर कमेटी का होगा गठन, सभी उपशाखाओं को मिलेगा प्रतिनिधित्व

बैठक में जिला संगठन को अधिक प्रभावी और समन्वित बनाने के लिए कोर कमेटी के गठन का प्रस्ताव भी पारित किया गया। प्रस्तावित कोर कमेटी में विभिन्न उपशाखाओं के जिलाध्यक्ष, महासचिव एवं दो अन्य सदस्यों को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा युवा प्रकोष्ठ, महिला प्रकोष्ठ एवं कर्मचारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष और महासचिव पदेन सदस्य रहेंगे।

16 सितंबर को होगी कोर कमेटी की बैठक

संगठनात्मक प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए आगामी 16 सितंबर 2026, बुधवार को सुबह 10 बजे ठेठवार यादव भवन, गंजपारा बालोद में सर्व यादव समाज की कोर कमेटी की बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में आगामी 24 सितंबर को सर्व यादव समाज जिला संगठन के पुनर्गठन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

गांव-गांव तक पहुंचे सामाजिक गतिविधियों की जानकारी

बैठक में नरेश यदु, उपाध्यक्ष जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग ने कहा कि समाज के सभी सम्मेलनों एवं आयोजनों के आमंत्रण पत्र गांवों के छोटे-छोटे सामाजिक संगठनों तक भी पहुंचाए जाने चाहिए, ताकि समाज की गतिविधियों की जानकारी अंतिम स्तर तक पहुंच सके।

दयालु राम यादव, चिरईगुड़ी ने कहा कि जिला संगठन के साथ तहसील एवं सर्कल स्तर पर भी समन्वय मजबूत किया जाना चाहिए, जिससे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के साथ राजनीतिक गतिविधियों को भी सफलता की नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सके।

सेवानिवृत्त प्राचार्य नंदकिशोर यादव, टेकापार ने कहा कि छत्तीसगढ़ में यादव समाज जनसंख्या के मामले में तीसरे स्थान पर है। ऐसे में समाज के सभी लोगों को आपसी संवाद और मजबूत समन्वय को निरंतर आगे बढ़ाना होगा, ताकि समाज को उसका वास्तविक अधिकार और उचित प्रतिनिधित्व मिल सके।

राकेश यादव, बिरेतरा ने सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से जिले के गांव-गांव में समाज के लोगों को आपस में जोड़ा जा सकता है। वहीं जितेंद्र यादव, पुरूर ने कहा कि अन्य राज्यों के यादव समाज की तरह छत्तीसगढ़ में भी समाज को राजनीतिक क्षेत्र में आगे आना होगा और अपनी प्रभावी सहभागिता सुनिश्चित करनी होगी।

व्यवस्था की जिम्मेदारी चार सदस्यों को

बैठक की व्यवस्थाओं के लिए ताम्रध्वज यादव, राकेश यादव (बिरेतरा), बलदेव यादव एवं हिमन लाल यादव को प्रभारी बनाया गया।

बैठक में कोसरिया समाज से हिमनलाल यादव, दुर्गा प्रसाद यादव, अलखराम, द्वारपाल एवं गिरेंद्र यादव, बड़े कोसरिया यादव समाज से देव प्रसाद, अशोक कुमार, दयालु राम एवं पीतांबर यादव, ठेठवार समाज से उत्तम यादव, नंदकिशोर यादव, बलदेव यादव, ताम्रध्वज यादव एवं गोवर्धन यदु, झेरिया समाज से रामकुमार यादव, अरविंद, हीरामन, भूषण यादव एवं हिमेश्वर यादव सहित देवेंद्र यादव, देवव्रत यादव, ओमप्रकाश यादव एवं अन्य समाजजन उपस्थित रहे।

दिवंगत समाजजनों को दी श्रद्धांजलि

बैठक के अंत में समाज के देवसिंह यादव एवं प्रांशु यादव के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई।

यह जानकारी सर्व यादव समाज जिला बालोद के प्रवक्ता बलदेव यादव ने दी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
error: Content is protected !!