रेंगाडबरी में बनेगा सर्व मंगल भवन, 20 लाख रुपये की स्वीकृति
मंडल अध्यक्ष कुसुम शर्मा के प्रयासों से मिली बड़ी सौगात, ग्रामीणों ने निवास पहुंचकर जताया आभार

डौंडीलोहारा। ग्राम रेंगाडबरी के विकास को नई दिशा देते हुए सर्व मंगल भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस महत्वपूर्ण स्वीकृति से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। भवन निर्माण की स्वीकृति मिलने पर ग्राम रेंगाडबरी के ग्रामीणों ने मंडल अध्यक्ष कुसुम शर्मा के निवास पहुंचकर उनका आत्मीय स्वागत किया और आभार व्यक्त किया।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लंबे समय से ऐसे सामुदायिक भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जहां विवाह, सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न सामुदायिक गतिविधियों का आयोजन सुविधापूर्वक किया जा सके। सर्व मंगल भवन की स्वीकृति से ग्रामीणों की यह आवश्यकता पूरी होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा है।
ग्रामीणों से संवाद करते हुए मंडल अध्यक्ष कुसुम शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक भवन सामाजिक एकता, सहभागिता और आपसी समन्वय के महत्वपूर्ण केंद्र होते हैं। सर्व मंगल भवन के निर्माण से रेंगाडबरी के ग्रामीणों को सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता और लक्ष्य है। ग्रामीणों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा। गांवों में आवश्यक अधोसंरचना के विकास से ग्रामीणों का जीवन अधिक सुविधाजनक होगा और स्थानीय स्तर पर विकास की गति भी तेज होगी।
इस अवसर पर ग्राम रेंगाडबरी से पाल सिंह यादव, शेखर निषाद, डोमार नायक, सोहन सिंह, महेंद्र निषाद, जयेश जैन, निरंजन पटौदी, संतोष गुप्ता, नीमन साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने 20 लाख रुपये की स्वीकृति के लिए कुसुम शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे रेंगाडबरी के लिए महत्वपूर्ण विकास सौगात बताया।




