डौंडीलोहारा को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की बड़ी सौगात, युवा नगर पंचायत अध्यक्ष कुँवर लाल निवेन्द्र सिंह टेकाम और वरिष्ठ भाजपा नेता एवं जनसेवक राकेश यादव की सक्रिय पहल को मिली मजबूती
महतारी वंदन सम्मान समारोह में हजारों की भीड़ के बीच मुख्यमंत्री ने की करोड़ों के विकास कार्यों की घोषणाएं — पूर्व पिछड़ावर्ग आयोग सदस्य देवेन्द्र जायसवाल एवं मंडल अध्यक्ष कुसुम शर्मा सहित जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में विकास को नई गति

बालोद/डौंडीलोहारा, 25 अगस्त 2026।
डौंडीलोहारा में आयोजित भव्य महतारी वंदन सम्मान समारोह केवल मातृशक्ति के सम्मान और महतारी वंदन योजना की राशि अंतरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि क्षेत्र के विकास के लिए बड़ी घोषणाओं के कारण यह कार्यक्रम लंबे समय तक चर्चा में रहने वाला बन गया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने डौंडीलोहारा नगर पंचायत एवं विकासखंड के लिए कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगात देकर क्षेत्र की विकास अपेक्षाओं को नई दिशा दी।
इस पूरे आयोजन में नगर पंचायत डौंडीलोहारा के सबसे कम उम्र के युवा अध्यक्ष कुँवर लाल निवेन्द्र सिंह टेकाम, भाजपा मंडल अध्यक्ष कुसुम शर्मा तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं जनसेवक राकेश यादव की सक्रियता विशेष रूप से नजर आई। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संगठन के पदाधिकारियों द्वारा क्षेत्र की जरूरतों को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने का परिणाम रहा कि डौंडीलोहारा के लिए कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की घोषणा मंच से हुई।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नगर पंचायत डौंडीलोहारा में सर्वसुविधायुक्त ऑडिटोरियम निर्माण, खरखरा जलाशय में लिफ्ट इरिगेशन, पूरक नहर के जीर्णोद्धार एवं पुनर्निर्माण तथा धनगांव जलाशय के शीर्ष कार्य वियर के साथ नहर रीमॉडलिंग लाइन निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही मस्जिद चौक से शास्त्री नगर मार्ग पर लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से पुलिया निर्माण तथा डौंडीलोहारा विकासखंड में संबलपुर से भीमकन्हार-मुड़िया मार्ग के लिए लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्य की घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने जिले में लगभग 102 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण भी किया। इनमें 3.2 करोड़ रुपये की लागत से 12 किलोमीटर लंबे उमरादाह-निपानी मार्ग, 26 करोड़ रुपये के अर्जुंदा-ओडारसकरी मार्ग तथा 2.5 करोड़ रुपये की लागत से बालोद-पिकरीपार मार्ग सहित अन्य कार्य शामिल हैं।
युवा नेतृत्व और वरिष्ठ जनसेवक की सक्रियता बनी चर्चा का विषय

डौंडीलोहारा के युवा नगर पंचायत अध्यक्ष कुँवर लाल निवेन्द्र सिंह टेकाम की सक्रिय भूमिका कार्यक्रम में विशेष रूप से दिखाई दी। कम उम्र में नगर पंचायत की जिम्मेदारी संभाल रहे टेकाम द्वारा क्षेत्र की मूलभूत जरूरतों और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की पहल को मुख्यमंत्री की घोषणाओं से महत्वपूर्ण बल मिला है।
वहीं भाजपा मंडल अध्यक्ष कुसुम शर्मा तथा वरिष्ठ भाजपा नेता एवं जनसेवक राकेश यादव की क्षेत्रीय राजनीति और संगठन में सक्रिय भूमिका भी कार्यक्रम के दौरान चर्चा में रही। क्षेत्र की समस्याओं और विकास आवश्यकताओं को शासन के समक्ष पहुंचाने में इन जनप्रतिनिधियों एवं नेताओं की सक्रियता को स्थानीय स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हजारों की भीड़ ने बनाया ऐतिहासिक माहौल

लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में आयोजित समारोह में हजारों की संख्या में महिलाएं, ग्रामीण, हितग्राही एवं नागरिक पहुंचे। महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश के 67 लाख 28 हजार 918 हितग्राहियों के खातों में 631 करोड़ 38 लाख 37 हजार 700 रुपये की राशि अंतरित की गई। बालोद जिले के 2 लाख 45 हजार 28 हितग्राही भी इससे लाभान्वित हुए।
मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं से संवाद कर उनके जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली और योजना के प्रभाव की सराहना की।
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के नेतृत्व में प्रशासन की सक्रिय तैयारी

कार्यक्रम की सफलता में बालोद कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के नेतृत्व में जिला प्रशासन की व्यापक तैयारियां भी महत्वपूर्ण रहीं। कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं से लेकर सुरक्षा, यातायात, हितग्राहियों की सुविधा और विभिन्न विभागों के समन्वय तक प्रशासनिक अमला पूरी सक्रियता के साथ जुटा रहा। मुख्यमंत्री के महत्वपूर्ण कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई थीं।
कार्यक्रम में सांसद भोजराज नाग, पूर्व सांसद सरोज पाण्डे, नगर पंचायत अध्यक्ष कुँवर लाल निवेन्द्र सिंह टेकाम, मंडल अध्यक्ष कुसुम शर्मा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश यादव, पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू एवं राजेंद्र राय, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं नागरिक मौजूद रहे।
कुल मिलाकर डौंडीलोहारा का यह आयोजन महतारी वंदन योजना के सम्मान समारोह के साथ-साथ क्षेत्र के विकास को नई सौगात देने वाला बड़ा राजनीतिक एवं प्रशासनिक आयोजन बनकर सामने आया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणाओं ने डौंडीलोहारा के विकास की तस्वीर को नई उम्मीद दी है, वहीं युवा नगर पंचायत अध्यक्ष कुँवर लाल निवेन्द्र सिंह टेकाम, पूर्व पिछड़ावर्ग आयोग सदस्य देवेंद्र जायसवाल, मंडल अध्यक्ष कुसुम शर्मा और वरिष्ठ भाजपा नेता जनसेवक राकेश यादव की सक्रियता ने स्थानीय स्तर पर विकास के मुद्दों को मजबूती से सामने रखने की भूमिका निभाई।




