पुराना टाउन हॉल में छायाचित्र प्रदर्शनी का शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने किया अवलोकन
हर घर तिरंगा, वंदे मातरम् और भारत विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस की थीम पर आधारित प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र

बालोद, 14 अगस्त 2026।

जिला मुख्यालय बालोद के नगर पालिका कार्यालय परिसर स्थित पुराना टाउन हॉल में जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित विशेष छायाचित्र प्रदर्शनी का शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने अवलोकन किया। उन्होंने फीता काटकर प्रदर्शनी का विधिवत शुभारंभ भी किया।
प्रदर्शनी ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ एवं ‘भारत विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस’ की थीम पर आधारित है। इसमें देश की स्वतंत्रता, राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति तथा भारत विभाजन से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं को छायाचित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न छायाचित्रों का अवलोकन किया और स्वतंत्रता संग्राम तथा देश के गौरवशाली इतिहास से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रदर्शनी नई पीढ़ी को देश के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण के महत्वपूर्ण प्रसंगों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, पूर्व विधायक प्रीतम साहू, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण, वनमण्डलाधिकारी अभिषेक अग्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, अजय किशोर लकरा, नूतन कंवर, एडीशनल एसपी चंद्रकांत गवर्ना, संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष, डिप्टी कलेक्टर प्राची ठाकुर एवं आशीष पेंद्रो सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

जनसंपर्क अधिकारी चंद्रेश ठाकुर एवं जनसंपर्क विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने शिक्षा मंत्री तथा अन्य अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान मंत्री गजेन्द्र यादव और अन्य अतिथियों ने प्रदर्शनी परिसर में बनाए गए सेल्फी जोन में पहुंचकर तस्वीरें भी लीं।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री ने स्कूली विद्यार्थियों को उत्कृष्ट सेवा प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में जिला जनसंपर्क कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।




