Saturday, August 29, 2026

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा  के निर्देशन एवं CMHO जे.एल. उइके के मार्गदर्शन में स्वतंत्रता दौड़ के जरिए टीबी मुक्त भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाया बालोद में जिला प्रशासन की भव्य स्वतंत्रता दौड़, स्वास्थ्य विभाग ने तख्तियों, बैनर और पंपलेट के माध्यम से टीबी के लक्षण, निःशुल्क जांच-इलाज और निक्षय पोषण योजना की दी जानकारी

 

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा  के निर्देशन एवं CMHO जे.एल. उइके के मार्गदर्शन में स्वतंत्रता दौड़ के जरिए टीबी मुक्त भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाया

बालोद में जिला प्रशासन की भव्य स्वतंत्रता दौड़, स्वास्थ्य विभाग ने तख्तियों, बैनर और पंपलेट के माध्यम से टीबी के लक्षण, निःशुल्क जांच-इलाज और निक्षय पोषण योजना की दी जानकारी

बालोद। स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पूर्व 14 अगस्त 2026 को जिला प्रशासन बालोद द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल मैदान में भव्य स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया गया। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जे.एल. उइके के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न शालाओं के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

स्वतंत्रता दौड़ के माध्यम से जहां देशभक्ति, एकता एवं अखंडता का संदेश दिया गया, वहीं स्वास्थ्य विभाग बालोद द्वारा प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का भी विशेष प्रयास किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दौड़ के दौरान तख्तियों, बैनर एवं पंपलेट के माध्यम से आम नागरिकों को टीबी के लक्षण, जांच, उपचार एवं शासन की योजनाओं की जानकारी दी।

वंदे मातरम के साथ हुआ शुभारंभ

स्वतंत्रता दौड़ का शुभारंभ सरदार वल्लभभाई पटेल मैदान में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इसके पश्चात उपस्थित लोगों को नशामुक्ति एवं जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। देशभक्ति के नारों और उत्साह के साथ स्वतंत्रता दौड़ को रवाना किया गया।

दौड़ बालोद शहर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों से होकर गुजरी। इस दौरान शहरवासियों ने जगह-जगह स्वतंत्रता दौड़ का स्वागत किया। प्रतिभागियों ने राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ नागरिकों को देश के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन का संदेश दिया। शहर का भ्रमण करने के बाद स्वतंत्रता दौड़ पुनः सरदार वल्लभभाई पटेल मैदान पहुंची, जहां राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ।

टीबी मुक्त भारत अभियान का किया गया व्यापक प्रचार-प्रसार

स्वास्थ्य विभाग बालोद द्वारा स्वतंत्रता दौड़ के दौरान प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नागरिकों को बताया कि टीबी एक गंभीर लेकिन उपचार योग्य बीमारी है। समय पर बीमारी की पहचान और पूरा उपचार कराने से टीबी से पूरी तरह स्वस्थ हुआ जा सकता है।

जागरूकता अभियान के दौरान बताया गया कि दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक खांसी रहना, लगातार बुखार आना, वजन कम होना और भूख न लगना टीबी के संभावित लक्षण हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर व्यक्ति को बिना देरी किए नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में जांच करानी चाहिए।

शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों में जांच और इलाज निःशुल्क

स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों को जानकारी दी कि शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों में टीबी की जांच एवं संपूर्ण उपचार निःशुल्क उपलब्ध है। नागरिकों से अपील की गई कि टीबी के लक्षणों को नजरअंदाज न करें और समय पर जांच एवं उपचार कराकर स्वयं तथा अपने परिवार को सुरक्षित रखें।

निक्षय पोषण योजना और निक्षय मित्र योजना की दी जानकारी

जागरूकता अभियान के दौरान निक्षय पोषण योजना के संबंध में भी जानकारी दी गई। टीबी मरीजों को उपचार के दौरान बेहतर पोषण उपलब्ध कराने के लिए शासन द्वारा आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इसके साथ ही निक्षय मित्र योजना के माध्यम से टीबी मरीजों को सामाजिक सहयोग एवं पोषण संबंधी सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

टीबी मुक्त बालोद बनाने नागरिकों से सहभागिता की अपील

कलेक्टर के निर्देशन एवं CMHO जे.एल. उइके के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग ने स्वतंत्रता दौड़ को जन-जागरूकता का माध्यम बनाते हुए नागरिकों से प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि टीबी के लक्षण दिखाई देने पर जांच में देरी न करें और अपने आसपास के लोगों को भी टीबी की जांच एवं उपचार के प्रति जागरूक करें।

जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने संयुक्त रूप से नागरिकों से अपील की कि टीबी मुक्त भारत के राष्ट्रीय संकल्प को जनभागीदारी से सफल बनाएं और किसी भी संभावित लक्षण के दिखाई देने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच अवश्य कराएं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
error: Content is protected !!