Saturday, August 29, 2026

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर 10 अगस्त को जिले के 3.17 लाख बच्चों को खिलाई जाएगी कृमिनाशक दवा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे. एल. उइके ने अभिभावकों से की बच्चों को दवा खिलाने की अपील

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर 10 अगस्त को जिले के 3.17 लाख बच्चों को खिलाई जाएगी कृमिनाशक दवा
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे. एल. उइके ने अभिभावकों से की बच्चों को दवा खिलाने की अपील

 

बालोद, 09 अगस्त 2026। जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर 10 अगस्त को 01 से 19 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजॉल 400 मिलीग्राम की कृमिनाशक दवा खिलाई जाएगी। जिले में कुल 3,17,444 बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे. एल. उइके ने बताया कि अभियान के लिए जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों, शासकीय एवं निजी विद्यालयों, केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय, मदरसों, महाविद्यालयों, तकनीकी शिक्षण संस्थानों एवं अन्य संबंधित संस्थानों में आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
डॉ. उइके ने बताया कि 01 से 02 वर्ष आयु के बच्चों को आधी गोली पानी में मिलाकर चम्मच से पिलाई जाएगी, जबकि 02 से 19 वर्ष आयु के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एक पूरी गोली चबाकर पानी के साथ खिलाई जाएगी। दवा का सेवन प्रशिक्षित एवं निर्धारित सेवा प्रदाताओं की देखरेख में कराया जाएगा।
जो बच्चे किसी कारणवश 10 अगस्त को दवा का सेवन नहीं कर पाएंगे, उन्हें 17 अगस्त को मॉप-अप दिवस के अवसर पर कृमिनाशक दवा खिलाई जाएगी। इस संबंध में सभी संबंधित संस्थानों एवं मैदानी अमले को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
डॉ. जे. एल. उइके ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 01 से 19 वर्ष तक के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमिनाशक दवा का सेवन अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि नियमित कृमिनाशक दवा सेवन से बच्चों को कृमि संक्रमण से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से बचाने के साथ उनके बेहतर स्वास्थ्य, पोषण, शारीरिक एवं बौद्धिक विकास में भी सहायता मिलती है।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
error: Content is protected !!