Sunday, August 30, 2026

पूजा-पाठ से कैंसर ठीक करने का झांसा, महिला से ₹13.13 लाख की ठगी

पूजा-पाठ से कैंसर ठीक करने का झांसा, महिला से ₹13.13 लाख की ठगी


बालोद। पूजा-पाठ के जरिए कैंसर ठीक करने का झांसा देकर ग्राम सिर्री निवासी 55 वर्षीय प्रेमलता चन्द्राकर से 13 लाख 13 हजार 673 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इस संबंध में रनचिरई थाना पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पुलिस के अनुसार, प्रेमलता चन्द्राकर ने बताया कि उन्होंने एक टीवी चैनल पर एक ज्योतिष संस्था का विज्ञापन देखा। उनके पति कैंसर से पीड़ित हैं, इसलिए विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। संस्था से जुड़े वेद प्रकाश तिवारी ने पूजा-पाठ के माध्यम से कैंसर पूरी तरह ठीक करने का दावा करते हुए विभिन्न अनुष्ठानों के नाम पर पैसे मांगे।
आरोप है कि वेद प्रकाश तिवारी के साथ राहुल तिवारी, सृजन तिवारी और एक अन्य सहयोगी भी इस गिरोह में शामिल हैं। सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के गोण्डा जिले के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह का मास्टरमाइंड वेद प्रकाश तिवारी है।
आरोपियों ने अलग-अलग किस्तों में पूजा कराने के नाम पर प्रेमलता चन्द्राकर से कुल 13,13,673 रुपये जमा करवा लिए। बाद में ठगी का एहसास होने पर पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
रनचिरई थाना पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस की अपील:
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि टीवी, सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर प्रसारित इलाज या चमत्कारिक रूप से गंभीर बीमारियां ठीक करने वाले विज्ञापनों के झांसे में न आएं। किसी भी प्रकार की धनराशि भेजने से पहले संबंधित संस्था की सत्यता की जांच अवश्य करें।

RELATED ARTICLES

Most Popular

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
error: Content is protected !!