त्वरित समाधान, संवेदनशील प्रशासन :- कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने जनदर्शन में दिलाया भरोसा, मौके पर किया समस्याओं का निराकरण
दिव्यांग को तत्काल बैसाखी, मत्स्य पालक को मिला ई-रिक्शा, जनदर्शन में सुनीं आमजन की समस्याएं

बालोद, :– जिले में आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं संवेदनशील समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

संयुक्त जिला कार्यालय में आयोजित जनदर्शन में उन्होंने स्वयं लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही समाधान कर प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली का परिचय दिया।
जनदर्शन के दौरान डौंडीलोहारा विकासखंड के ग्राम कचांदुर निवासी दिव्यांग श्री लीलेश्वर साहू अपनी समस्या लेकर पहुंचे। उनकी स्थिति को देखते हुए कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने बिना विलंब किए उन्हें तत्काल बैसाखी उपलब्ध कराई। बैसाखी मिलने से लीलेश्वर साहू की आवाजाही सुगम हो सकेगी। त्वरित सहायता मिलने पर उन्होंने कलेक्टर एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनकी समस्या का समाधान इतनी जल्दी हो जाएगा।

इसी क्रम में कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत डौंडीलोहारा विकासखंड के ग्राम गड़ईनडीह निवासी मत्स्य पालक श्री खिलुराम कोठारी को ई-रिक्शा की चाबी सौंपकर वाहन प्रदान किया। इस आधुनिक वाहन के माध्यम से अब वे अपने मत्स्य उत्पादों का परिवहन एवं विक्रय अधिक सुगमता, कम लागत और बेहतर लाभ के साथ कर सकेंगे। इससे उनकी आय बढ़ाने के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।

जनदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं, मांगों और शिकायतों से कलेक्टर को अवगत कराया। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनदर्शन केवल शिकायत सुनने का मंच नहीं, बल्कि आम नागरिकों का प्रशासन पर विश्वास मजबूत करने का माध्यम है। प्रत्येक आवेदन का संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ निराकरण किया जाए ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा की संवेदनशील पहल और त्वरित निर्णयों से एक बार फिर यह संदेश गया कि जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता और तत्परता के साथ कार्य कर रहा है।




