बालोद पुलिस ने विद्यालय में चलाया जागरूकता अभियान
नवीन आपराधिक कानून, साइबर सुरक्षा, यातायात नियम एवं नशामुक्ति पर विद्यार्थियों को किया जागरूक
BNS, BNSS, BSA की दी जानकारी, साइबर हेल्पलाइन 1930 का महत्व बताया, जिम्मेदार नागरिक बनने का दिया संदेश

बालोद :– पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन में बालोद पुलिस द्वारा जन-जागरूकता अभियान के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बघमरा में साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, नशामुक्ति एवं नवीन आपराधिक कानूनों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी बालोद श्री शिशुपाल सिन्हा ने विद्यार्थियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के प्रमुख प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि नए आपराधिक कानून न्याय प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी, तकनीक-सक्षम एवं समयबद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से कानूनों की जानकारी रखने, अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग रहने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
यातायात जागरूकता सत्र में यातायात प्रभारी श्री रविशंकर पांडे ने सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि थोड़ी-सी सावधानी अनेक लोगों की जान बचा सकती है। इस अवसर पर यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने वाले शिक्षक मनीष को हेलमेट भेंट कर सम्मानित किया गया।
साइबर प्रभारी एएसआई श्री धरम भूआर्य ने वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के तरीकों से विद्यार्थियों एवं उपस्थित नागरिकों को अवगत कराया। उन्होंने फर्जी कॉल, फर्जी लिंक, APK फाइल, डिजिटल अरेस्ट, क्यूआर कोड, ओटीपी, बैंकिंग जानकारी एवं पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने तथा किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से भी अवगत कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशे से दूर रहने और सकारात्मक सोच के साथ समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। साथ ही विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों एवं नवीन कानूनों के प्रति जागरूक करें।
बालोद पुलिस ने बताया कि जिलेभर में इस प्रकार के जन-जागरूकता अभियान लगातार संचालित किए जा रहे हैं, ताकि आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों में कानून के प्रति जागरूकता बढ़े, साइबर अपराधों पर प्रभावी रोक लगे तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
कार्यक्रम में सरपंच ओरमा-मेढ़की श्रीमती मंजुलता साहू, उपसरपंच बघमरा श्री त्रासदास मानिकपुरी, पूर्व जनपद सदस्य श्रीमती सीता साहू, विद्यालय के प्राचार्य श्री एस.के. बेक, प्रधान पाठिका श्रीमती रामटेके, शिक्षक मनीष सहित अन्य शिक्षकगण, वार्ड पंच, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




