बालोद कोतवाली से महिला आरोपी फरार: पुलिस अधीक्षक की बड़ी कार्रवाई, ड्यूटी में लापरवाही पर तीन पुलिसकर्मी तत्काल निलंबित
चोरी के मामले में गिरफ्तार महिला पुलिस अभिरक्षा से हुई फरार, तलाश में जुटी पुलिस की टीमें

बालोद, :- बालोद कोतवाली थाना परिसर से पुलिस अभिरक्षा में रखी गई चोरी के मामले की एक महिला आरोपी के फरार होने का मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चोरी के एक प्रकरण में गिरफ्तार महिला आरोपी को पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए कोतवाली थाना परिसर में पुलिस अभिरक्षा में रखा गया था।
इसी दौरान दोपहर के समय महिला ने पुलिसकर्मियों की नजर बचाकर थाने से फरार होने में सफलता हासिल कर ली।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई और वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल सूचना दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने प्रारंभिक जांच के बाद ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर प्रधान आरक्षक शिवराम ध्रुव, आरक्षक उमेश निषाद एवं महिला आरक्षक पूर्णिमा ठाकुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। विभागीय स्तर पर घटना की विस्तृत जांच भी शुरू कर दी गई है।
इधर, फरार महिला आरोपी की तलाश के लिए जिलेभर में पुलिस की विशेष टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है तथा आसपास के थाना क्षेत्रों को भी अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस अभिरक्षा से आरोपी के फरार होने की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं पुलिस विभाग पूरे मामले की जांच कर यह पता लगाने में जुटा है कि आखिर किन परिस्थितियों में महिला आरोपी पुलिस को चकमा देकर थाने से भागने में सफल हुई।




