नाबालिग बेटे ने घर से चुराए 5 लाख रुपये, मां ने रख लिए 3.60 लाख; रकम लौटाने के वादे से मुकरने पर गिरफ्तार
परिचित के घर हुई चोरी के मामले में बालोद पुलिस की कार्रवाई, आरोपी महिला को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

बालोद, :- बालोद पुलिस ने परिचित के घर से चोरी किए गए रुपये अपने पास रखने और वापस करने के वादे से मुकरने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि विधि से संघर्षरत (नाबालिग) बालक ने अपने परिचित के घर से 5 लाख रुपये नकद चोरी कर अपनी मां को दिए थे। इनमें से 3.60 लाख रुपये महिला ने अपने पास रख लिए और बाद में रकम लौटाने से इनकार कर दिया।
पुलिस के अनुसार, थाना बालोद में वार्ड क्रमांक 6 पाण्डेपारा निवासी नितेश कुमार साहू की शिकायत पर अपराध क्रमांक 102/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि 1 नवंबर 2025 से 25 फरवरी 2026 के बीच उनकी मां मीना साहू के कमरे में रखी आलमारी से 5 लाख रुपये नकद चोरी हो गए थे।
मामले की विवेचना के दौरान विधि से संघर्षरत बालक से पूछताछ की गई। उसने बताया कि चोरी की गई रकम अपनी मां ममता साहू को दी थी और मां ने 4 लाख रुपये वापस करने का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में वह अपने वादे से मुकर गई।
इसके बाद पुलिस ने ममता साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि उसके पुत्र ने चोरी की रकम में से 3.60 लाख रुपये उसे दिए थे। महिला ने बताया कि इस रकम का उपयोग घरेलू खर्च, बालक की पार्टी तथा उसके जमानत संबंधी खर्चों में किया गया।
जांच में यह स्पष्ट होने पर कि आरोपी महिला ने चोरी की संपत्ति को बेईमानीपूर्वक अपने पास रखा, पुलिस ने उसके विरुद्ध प्रकरण में वैधानिक कार्रवाई करते हुए 1 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, प्रधान आरक्षक योगेश सिन्हा, महिला प्रधान आरक्षक आशमा कुर्रे, महिला आरक्षक जागृति ठाकुर, ममता ठाकुर, लक्ष्मी पटेल एवं पूर्णिमा ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




