Tuesday, September 1, 2026

बालोद में दिल दहला देने वाली वारदात :- छह माह से रची थी हत्या की साजिश, रात के अंधेरे में सौतन को उतारा मौत के घाट सिर पर ताबड़तोड़ वार, फिर धारदार हथियार से गला रेता; हत्या के बाद कपड़े बदलकर खेत में छिपी आरोपी महिला गिरफ्तार

 

बालोद में दिल दहला देने वाली वारदात :-  छह माह से रची थी हत्या की साजिश, रात के अंधेरे में सौतन को उतारा मौत के घाट
सिर पर ताबड़तोड़ वार, फिर धारदार हथियार से गला रेता; हत्या के बाद कपड़े बदलकर खेत में छिपी आरोपी महिला गिरफ्तार


बालोद :– जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नेवारीकला में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। एक महिला ने अपनी ही सौतन की निर्मम हत्या कर दी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी महिला पिछले छह माह से हत्या की योजना बना रही थी और मौका मिलते ही देर रात वारदात को अंजाम दे दिया।

पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह करीब 5 बजे सूचना मिली कि नेवारीकला गांव में एक महिला की हत्या हो गई है। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस, साइबर सेल और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही मृतका की सौतन अमृत बाई घर के बाहर सड़क पर मिली, जिस पर संदेह होने पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
जांच के दौरान पुलिस ने देखा कि मृतका दया बाई के सिर पर गंभीर चोटों के कई निशान थे तथा गले पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के स्पष्ट निशान मिले। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हो गया कि हत्या बेहद सुनियोजित तरीके से की गई थी।

तीन बार लौटी, चौथी बार की हत्या

पुलिस के मुताबिक घटना रात करीब 10:30 बजे के बाद की है। आरोपी अमृत बाई के दोनों बच्चे छत पर सो रहे थे, जबकि उसका पति चिम्मन साहू शराब के नशे में कमरे में बेसुध पड़ा था। पास के कमरे में दया बाई सो रही थी।
आरोपी ने छह माह पहले से छिपाकर रखा गया लकड़ी का मोटा डंडा निकाला और दया के कमरे में पहुंची, लेकिन पहली तीन बार हिम्मत नहीं जुटा सकी और वापस लौट आई।

चौथी बार उसने दया के सिर पर लगातार कई वार किए। इसके बाद लकड़ी काटने वाले धारदार औजार से सिर और गले पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने मोबाइल की टॉर्च जलाकर यह सुनिश्चित किया कि दया की मौत हो चुकी है। इसके बाद वह खेत की ओर गई, वारदात के समय पहने कपड़े बदल दिए और दूसरे कपड़े पहनकर वापस लौट आई।
पति ने मोबाइल की टॉर्च से देखा शव
रात करीब 3 बजे चिम्मन साहू की नींद खुली। उसने दया को आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दया के मोबाइल की टॉर्च जलाकर देखा तो वह खून से लथपथ खाट पर मृत पड़ी थी। इसके बाद उसने गांव के कोटवार और अन्य ग्रामीणों को सूचना दी तथा कोतवाली थाना पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि चिम्मन साहू की शादी वर्ष 2003 में अमृत बाई से हुई थी और दोनों के दो बच्चे हैं। वर्ष 2019 में चिम्मन प्रेम प्रसंग के चलते दया बाई को अपने घर ले आया था। तब से दोनों महिलाएं एक ही घर में रह रही थीं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद होता था। लंबे समय से चल रहे इसी तनाव और आपसी रंजिश के चलते अमृत बाई ने हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दे दिया।
कोतवाली पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
मुख्य बिंदु
नेवारीकला गांव में सौतन की हत्या से सनसनी।
आरोपी महिला ने छह माह पहले से बनाई थी हत्या की योजना।
पहले लकड़ी के डंडे से सिर पर कई वार, फिर धारदार हथियार से गला रेता।
हत्या के बाद खेत में जाकर बदले कपड़े।
पति ने रात 3 बजे मोबाइल की टॉर्च से देखा शव।
प्रेम प्रसंग और लंबे समय से चल रहा पारिवारिक विवाद बना हत्या का कारण।
पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
error: Content is protected !!