Tuesday, September 1, 2026

*28 जून को जिले के 77,617 बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक, तैयारियां पूरी :- सीएमएचओ डॉ. जे.एल. उइके*

 

*28 जून को जिले के 77,617 बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक, तैयारियां पूरी :- सीएमएचओ डॉ. जे.एल. उइके*

बालोद:- राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान के अंतर्गत 28 जून 2026 को जिलेभर में शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाई जाएगी। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार जिले में 77,617 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. जे.एल. उइके ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में व्यापक माइक्रो प्लान तैयार किया गया है। यह सुनिश्चित किया गया है कि जिले का कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा त्रिस्तरीय निगरानी व्यवस्था भी बनाई गई है।

डॉ. उइके ने बताया कि जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा बस स्टैंड, बाजार एवं अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ट्रांजिट टीमें तैनात रहेंगी, जबकि ईंट-भट्ठों, निर्माण स्थलों तथा दूरस्थ बस्तियों में रहने वाले बच्चों तक पहुंचने के लिए मोबाइल टीमों का गठन किया गया है।

उन्होंने बताया कि जो बच्चे 28 जून को किसी कारणवश पोलियो बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें अगले दो से तीन दिनों तक घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाएंगी। सभी कोल्ड चेन केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध करा दी गई है तथा उसकी गुणवत्ता बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
सीएमएचओ डॉ. जे.एल. उइके ने बताया कि अभियान के लिए डॉक्टरों, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि टीकाकरण पूरी गुणवत्ता और सुरक्षा के साथ संपन्न हो सके।
उन्होंने जिले के सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि 28 जून को अपने शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर जाएं और पोलियो की दो बूंद जरूर पिलवाएं। उन्होंने कहा कि भले ही बच्चे को नियमित टीकाकरण के तहत पहले पोलियो की खुराक मिल चुकी हो, फिर भी राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के दौरान दवा पिलाना आवश्यक है।

सीएमएचओ डॉ. जे.एल. उइके ने कहा कि “पोलियो मुक्त समाज का निर्माण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आइए, 28 जून को अपने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर उन्हें आजीवन सुरक्षा प्रदान करें।

RELATED ARTICLES

Most Popular

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
error: Content is protected !!