Tuesday, June 16, 2026

टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत केंद्रीय एवं राज्य स्तरीय टीम ने किया गुरूर का सघन निरीक्षण केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय, WHO और राज्य टीबी सेल के विशेषज्ञों ने शिविरों व सीएचसी गुरूर की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

 

टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत केंद्रीय एवं राज्य स्तरीय टीम ने किया गुरूर का सघन निरीक्षण
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय, WHO और राज्य टीबी सेल के विशेषज्ञों ने शिविरों व सीएचसी गुरूर की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

बालोद/गुरूर, :–  देश को क्षय रोग (टीबी) से मुक्त करने के उद्देश्य से संचालित “टीबी मुक्त भारत अभियान – 100 दिवसीय अभियान (गांव-गांव, शहर-शहर)” के अंतर्गत मंगलवार को सेंट्रल टीबी डिविजन (CTD) एवं राज्य स्तरीय विशेष टीम द्वारा विकासखण्ड गुरूर का सघन निरीक्षण किया गया।

इस दौरान टीम ने क्षेत्र में संचालित विशेष टीबी जांच एवं जागरूकता शिविरों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गुरूर पहुंचकर राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के क्रियान्वयन की समीक्षा की।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और WHO के विशेषज्ञों की रही मौजूदगी


उच्च स्तरीय निरीक्षण दल में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय (MoHFW) एवं विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) से जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारी एवं विशेषज्ञ शामिल रहे। सेंट्रल टीबी डिविजन की ओर से डॉ. वीना धवन (अतिरिक्त आयुक्त, CVAC एवं CTD), डॉ. राधा तरालेकर (राष्ट्रीय सलाहकार, भारत सरकार-WHO), डॉ. ज्योति कायस्थ (राष्ट्रीय सलाहकार, भारत सरकार-WHO) तथा श्री राजन चौहान (वित्त सलाहकार, CTD) उपस्थित रहे।
वहीं राज्य टीबी सेल की ओर से डॉ. मनीष मसीह (WHO सलाहकार), डॉ. रोचक सक्सेना (WHO सलाहकार), श्री निशांत मेश्राम (माइक्रोबायोलॉजिस्ट), डॉ. रेणुका प्रसन्नो (प्रभारी, राज्य टीबी प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन केंद्र-STDC) तथा श्रीमती दीक्षा पुरी (सलाहकार, प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान-PMTBMA) शामिल हुईं।
स्थानीय स्तर पर जिला क्षय अधिकारी डॉ. जी. आर. रावटे, जिला टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की टीम तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने पूरे दौरे के दौरान समन्वय एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई।
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा से की शिष्टाचार मुलाकात


गुरूर क्षेत्र के निरीक्षण के बाद केंद्रीय एवं राज्य स्तरीय संयुक्त टीम ने कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान टीम ने जिले में संचालित 100 दिवसीय विशेष अभियान, सक्रिय मरीज खोज (Active Case Finding), जांच सुविधाओं, उपचार प्रबंधन तथा टीबी मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की विस्तृत जानकारी साझा की।
कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने अभियान की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जिले को पूर्णतः टीबी मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को अभियान के लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु सभी आवश्यक संसाधनों एवं व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
शिविरों में जांच, परामर्श और दवा वितरण व्यवस्था का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान टीम ने विकासखण्ड गुरूर के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित विशेष टीबी शिविरों का अवलोकन किया। विशेषज्ञों ने मरीजों की स्क्रीनिंग, जांच प्रक्रिया, परामर्श सेवाओं तथा दवा वितरण व्यवस्था का निरीक्षण कर स्वास्थ्य अमले से चर्चा की। टीम ने यह भी जाना कि संभावित मरीजों की पहचान और उपचार तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए किस प्रकार कार्य किया जा रहा है।
सीएचसी गुरूर में प्रयोगशाला, डॉट्स सेंटर और रिकॉर्ड की समीक्षा
इसके पश्चात टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरूर का विस्तृत निरीक्षण किया। यहां टीबी जांच प्रयोगशाला (Lab), डॉट्स (DOTS) सेंटर, दवा भंडारण व्यवस्था तथा मरीजों के उपचार संबंधी रिकॉर्ड का बारीकी से परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने मरीजों की नियमित मॉनिटरिंग, उपचार अनुपालन और रिपोर्टिंग प्रणाली की भी समीक्षा की।
टीम ने जमीनी स्तर पर कार्य कर रही मितानिनों, एएनएम एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें टीबी के संभावित लक्षण वाले व्यक्तियों की शीघ्र पहचान कर जांच एवं उपचार से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही समुदाय स्तर पर जागरूकता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
टीबी उन्मूलन के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
विशेषज्ञों ने कहा कि प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत संचालित 100 दिवसीय विशेष अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक संभावित मरीजों की पहचान कर उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराना है। केंद्रीय एवं राज्य स्तरीय टीम के इस दौरे से जिले में चल रही गतिविधियों का मूल्यांकन करने तथा कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
जिले में स्वास्थ्य विभाग, प्रशासन एवं समुदाय के संयुक्त प्रयासों से टीबी उन्मूलन की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है और आने वाले समय में अभियान को और व्यापक रूप से संचालित किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
error: Content is protected !!