*स्वास्थ्य एवं बहुद्देशीय कर्मचारी संघ ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यरत /सेवा निवृत कर्मचारियों एवं अधिकारियों के लिए विशेष वार्ड की मांग, CMHO डॉ. जे. एल. उइके को सौंपा ज्ञापन*

बालोद :- स्वास्थ्य एवं बहुद्देशीय कर्मचारी संघ, जिला बालोद के पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यरत एवं सेवा निवृत्त कर्मचारियों, अधिकारियों तथा उनके परिवारजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला चिकित्सालय बालोद में विशेष वार्ड (स्पेशल वार्ड) की स्थापना की मांग को लेकर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे. एल. उइके को ज्ञापन सौंपा।

संघ के जिलाध्यक्ष घनश्याम पुरी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी एवं अधिकारी निरंतर जनसेवा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे दिन-रात विभिन्न परिस्थितियों में कार्य करते हुए आम नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराते हैं तथा अनेक स्वास्थ्य जोखिमों का भी सामना करते हैं।

ज्ञापन में कहा गया है कि जब स्वास्थ्य विभाग के कार्यरत या सेवा निवृत्त कर्मचारी, अधिकारी अथवा उनके परिवारजन उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती होते हैं, तब उन्हें कई बार पर्याप्त सुविधाएं एवं समुचित व्यवस्था प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में कर्मचारियों एवं अधिकारियों के साथ-साथ उनके परिवारजनों के स्वास्थ्य और कल्याण को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

संघ ने मांग की है कि जिला चिकित्सालय बालोद में स्वास्थ्य विभाग के कार्यरत एवं सेवा निवृत्त कर्मचारियों, अधिकारियों तथा उनके परिवारजनों के लिए आरक्षित/विशेष वार्ड (Reserved/Special Ward) की स्थापना की जाए, जिससे आवश्यकता पड़ने पर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर बेहतर उपचार, सुरक्षित वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
संघ के अनुसार यह पहल कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ विभाग के प्रति उनके समर्पण और निष्ठा को भी मजबूत करेगी। ज्ञापन के माध्यम से डॉ. जे. एल. उइके से इस विषय पर सकारात्मक एवं संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है।
इस अवसर पर संघ के जिलाध्यक्ष घनश्याम पुरी ,जिला उपाध्यक्ष रोशन प्रजापति,जिला कोषाध्यक्ष कोमल देवांगन,जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र देशमुख , जिला उपाध्यक्ष प्रेम साहू ,डौंडी लोहरा ब्लॉक अध्यक्ष राकेश देशमुख व जिला पदाधिकारी नारद साहू,रितेश देशमुख,अनिल सोनी,जयपाल सिंग,सीपी साहू,सीपी देवांगन सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। संघ ने उम्मीद जताई है कि कर्मचारियों /सेवा निवृत कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के हित में इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।




