भाजपा जिला बालोद कार्यसमिति की बैठक सम्पन्न, प्रशिक्षण महाअभियान 2026 की तैयारियों पर मंथन

बालोद। भारतीय जनता पार्टी जिला बालोद द्वारा शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय जुंगेरा में जिला कार्यसमिति की प्रथम बैठक एवं “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026” की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।
इस अवसर पर पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत एवं नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण की खुशी में जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं के बीच झालमुड़ी वितरित की गई। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिला प्रभारी एवं प्रदेश मंत्री श्रीमती संध्या पारगनिहा ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की एकजुटता में निहित है। उन्होंने सभी छोटे-बड़े कार्यकर्ताओं को साथ लेकर समयबद्ध एवं संगठित रूप से कार्य करने का आह्वान किया।
जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी मेहनत और समर्पण के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने मंडल, शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर तक नियमित बैठकों के आयोजन पर जोर देते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक सक्रिय बनाने की बात कही।
पूर्व जिला अध्यक्ष पवन साहू ने कहा कि सभी कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर सजग एवं सक्रिय रहने की आवश्यकता है।
प्रदेश लघु वनोपज संघ के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं के बल पर चलने वाला संगठन है तथा आने वाले समय में सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा।
बैठक में “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026” की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई। जिला प्रशिक्षण प्रभारी शिरीष अग्रवाल ने बताया कि आगामी दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न विषयों, वक्ताओं की जिम्मेदारियों एवं संपूर्ण व्यवस्थाओं पर विस्तार से मंथन किया गया। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण महाअभियान कार्यकर्ताओं को वैचारिक, संगठनात्मक एवं तकनीकी रूप से सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम बनेगा।
बैठक में यह भी तय किया गया कि प्रशिक्षण के दौरान पार्टी की विचारधारा, संगठन की कार्यप्रणाली, केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाएं, सोशल मीडिया प्रबंधन, जनसंपर्क, चुनाव प्रबंधन एवं सेवा कार्य जैसे विषयों पर विशेषज्ञ वक्ताओं द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा। कार्यक्रम की सफलता के लिए भोजन, आवास, पंजीयन, अनुशासन, तकनीकी सहयोग एवं प्रचार-प्रसार सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर जिम्मेदारियां तय करने पर भी चर्चा हुई।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री राकेश छोटू यादव ने किया।
बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी श्रीमती संध्या पारगनिहा, जिला प्रशिक्षण प्रभारी शिरीष अग्रवाल, प्रदेश लघु वनोपज संघ के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा, जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख, अभिषेक शुक्ला, पवन साहू, कृष्णकांत पवार, वीरेंद्र साहू, लेखराम साहू, राकेश छोटू यादव, सौरभ लुनिया, तारिणी चंद्राकर, अश्वनी यादव, हरीश कटझरे, टिनेश्वर बघेल, भुनेश्वरी ठाकुर, पूजा यादव, निशायोगी, प्रेम साहू, प्रमोद जैन, तोरण साहू, लाल निवेंद्र टेकाम, कमलेश सोनी, विनोद जैन, कमल पनपालिया, मोपेन्द्र साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




