ग्राम पोण्डी सहित क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए सौगातों भरा रहा जनसमस्या निवारण शिविर
मौके पर 159 आवेदनों का किया गया निराकरण
हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से
किया गया लाभान्वित

बालोद, :- जिला मुख्यालय बालोद के समीपस्थ ग्राम पोण्डी में आज आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर ग्रामीणों के लिए सौगातों भरा रहा। इस दौरान शिविर में अनेक हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत नवनिर्मित आवासों के आवासपूर्णता प्रमाण पत्र, मुकबधिर हितग्राहियों को श्रवण यंत्र एवं दिव्यांग हितग्राहियों को छड़ी और इलेक्ट्रिक व्हील चेयर प्रदान करने के अलावा मत्स्य विभाग के योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को मछली जाल, आईस बाॅक्स प्रदान करने के साथ ही ग्रामीणों एवं हितग्राहियों को शासन के अनेक जनकल्याणकारी योजनओं से लाभान्वित किया गया।
उल्लेखनीय है कि पिछले जनसमस्या निवारण शिविर की भाँति कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी एवं अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक ने जिला प्रशासन के आला अधिकारियों के साथ बस में सवार होकर ग्राम पोण्डी पहुँचे।
जिला प्रशासन के प्रमुख अधिकारियों के ग्राम पोण्डी पहुँचने पर ग्रामीणों एवं स्व सहायता समूह की महिलाओं के द्वारा कलेक्टर श्रीमती मिश्रा एवं अधिकारियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। पोण्डी जनसमस्या निवारण शिविर में आज जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री तोमन साहू, कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, एसडीएम श्री नूतन कंवर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष के अलावा जनपद अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती टेमरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के अलावा जिला प्रशासन के आला अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
पोण्डी जनसमस्या निवारण शिविर में आज कुल 159 आवेदन प्राप्त हुए थे। इसमें सभी 159 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। प्रशासन द्वारा इस शिविर क्षेत्र में पहले करते हुए आसपास के विभिन्न ग्रामों में विगत 10 दिनों में लोगों की मांगों एवं समस्याओं से संबंधित 1304 आवेदन प्राप्त किए गए, जिसका शत प्रतिशत निराकरण कर लिया गया है।
जनसमस्या निवारण शिविर को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को जनसमस्या निवारण शिविर के आयोजन के महत्व एवं उद्देश्यों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य शासन द्वारा ग्रामीणों के बीच प्रशासनिक अमले की उपस्थिति सुनिश्चित कराकर उनकी वास्तविक जरूरतों, मांगों एवं समस्याओं से रूबरू कराने तथा उनके मांगों एवं समस्याओं का समुचित निराकरण सुनिश्चित करने का अभिनव प्रयास किया गया है।
इस अवसर पर उन्होंने केन्द्र एवं राज्य सरकार के द्वारा आम जनता के हित में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी देते हुए ग्रामीणों को शिविर में उपस्थित होेकर इन योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत किए गए मांगों एवं समस्याओं की जानकारी देते हुए कहा कि जिला स्तर एवं विभागीय योजनाओं के माध्यम से हल किए जाने वाले मांगों एवं समस्याओं का वे त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे।
इसके अलावा उन्होंने शासन स्तर पर निराकृत होने वाले समस्याओं के निराकरण हेतु भी उचित कार्यवाही करने का भी आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को जीवन में जल का महत्व बताते हुए, जल के विवेकपूर्ण उपयोग और जल संरक्षण हेतु सहभागिता निभाने तथा अपने-अपने घरों में सोख्ता गड्ढा बनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को बाल विवाह के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए उन्हें किसी भी स्थिति में बाल विवाह नही करने तथा इसके रोकथाम के कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री तोमन साहू ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पोण्डी में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में कलेक्टर एवं जिला प्रशासन के आला अधिकारियों की उपस्थिति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी का आत्मीय अभिनंदन एवं स्वागत किया। उन्होंने आशा व्यक्त किया कि शिविर में कलेक्टर श्रीमती मिश्रा एवं वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति से पोण्डी तथा अंचल के विकास को नई गति मिलेगी।
इस दौरान अतिथियों के द्वारा नन्हें मुन्हें बच्चों को स्वादिष्ट खीर खिलाकार उनका अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इसके अलावा गर्भवती माताओं को सुपोषण किट भेंटकर उनका गोदभराई रस्म को पूरा किया गया।
शिविर में अतिथियों ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को जल संरक्षण के कार्यों के अंतर्गत पानी के संरक्षण एवं संवर्धन करने तथा उल्लास कार्यक्रम अंतर्गत 15 वर्ष या इससे अधिक के निरक्षर लोगों को साक्षर बनाने के पुनीत कार्य में सहभागिता सुनिश्चित करने की भी शपथ दिलाई।
आज आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में समाज कल्याण विभाग द्वारा 06 हितग्राहियों को श्रवण यंत्र, 03 हितग्राहियों को छड़ी तथा 01 हितग्राही को बैटरी चलित ट्राय सायकल तथा 04 दिव्यांग महिलाओं को मोटराइज्ड सिलाई मशीन प्रदान किया गया।
राजस्व विभाग द्वारा 09 हितग्राहियों को ऋण पुस्तिका प्रदान किया गया। इसी तरह 84 हितग्राहियों को श्रम कार्ड, परिवहन विभाग द्वारा 39 हितग्राहियों को लर्निंग लाइसेंस, स्व सहायता समूह की 06 महिलाओं को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत ऋण स्वीकृति का चेक प्रदान किया गया।
इसी तरह मुख्यमंत्री पेंशन योजना के 05, राष्ट्रीय पेंशन योजना के 05 एवं वृद्धापेंशन योजना के 05 हितग्राहियों को सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। इसी तरह 120 हितग्राहियों को राशन कार्ड, 05 हितग्राहियों को जन्म प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत 10 हितग्राहियों आवास स्वीकृति एवं पूर्णता प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
इसी तरह 80 हितग्राहियों को जाॅब कार्ड, 05 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, मछली पालन विभाग द्वारा 04 हितग्राहियों को 02 जाल एवं 02 आईस बाक्स प्रदान किया गया। कृषि विभाग द्वारा 05 हितग्राहियों को बैटरी चलित स्पेयर प्रदान किया गया।
शिविर में स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग के स्टाॅल में चिकित्सकों के द्वारा ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गई।




